- आधा दर्जन पूजा पंडालों का किया भ्रमण, भक्ति के माहौल में शामिल हुए झामुमो नेता
- नवरात्रि पर एकता और भाईचारे का संदेश लेकर निकले झामुमो नेता
जेबी लाइव, रिपोर्टर
शारदीय नवरात्र की अष्टमी पर जादूगोड़ा में मां दुर्गा के अष्टम स्वरूप महागौरी की पूजा धूमधाम से हुई। पूरा क्षेत्र भक्ति और आस्था के रंग में सराबोर रहा। इसी मौके पर झारखंड के पूर्व शिक्षा मंत्री दिवंगत रामदास सोरेन के पुत्र व झामुमो युवा नेता सोमेश सोरेन जादूगोड़ा पहुंचे और विभिन्न पूजा पंडालों का भ्रमण किया। उन्होंने यूसिल कॉलोनी स्थित सामुदायिक केंद्र बंगाली पाड़ा के पूजा पंडाल में मां दुर्गा की आराधना कर राज्य की सुख-समृद्धि और घाटशिला वासियों के कल्याण की कामना की। समिति की ओर से नारायण चटर्जी समेत अन्य पदाधिकारियों ने ढाकी की धुन पर चुनरी ओढ़ाकर उनका स्वागत किया।
इसे भी पढ़ें : Ghatsila : माकड़ी में स्व. होरो सबर के श्राद्ध कर्म में सहयोग कर झामुमो युवा नेता सोमेश सोरेन बने संबल
सोमेश सोरेन ने मांगी पूरे राज्य की खुशहाली की दुआ
इस दौरान सोमेश सोरेन के साथ झामुमो जिला प्रमुख संयोजक बाघ राय मार्डी, प्रधान सोरेन, हरीश भक्त, सोमाय किस्कू सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद थे। उन्होंने कहा कि नवरात्रि केवल पूजा का पर्व नहीं बल्कि समाज में एकता और भाईचारे का संदेश देने वाला अवसर है। सोमेश ने लोगों से अपील की कि मां दुर्गा की आराधना के साथ मिलकर समाज और राज्य की प्रगति में योगदान दें।
























