- केंद्रीय सहायक श्रमायुक्त की पहल पर बनी सहमति, श्रम कानून उल्लंघन पर ठेका कंपनी और प्रबंधन को चेतावनी
- श्रम कानून उल्लंघन पर प्रबंधन को चेतावनी, भविष्य में सख्ती के संकेत
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जादूगोड़ा : जादूगोड़ा स्थित यूसीआईएल के भाटीन यूरेनियम प्रोजेक्ट में बीते 16 मार्च से जारी ठेका कर्मियों की हड़ताल शुक्रवार को समाप्त हो गई। केंद्रीय सहायक श्रमायुक्त चाईबासा शुभाक संजीव ने मामले का संज्ञान लेते हुए वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से त्रिपक्षीय वार्ता कराई, जिसमें मजदूर प्रतिनिधि, प्रबंधन और ठेका कंपनी शामिल हुए। करीब चार घंटे चली इस जनसुनवाई के बाद सहमति बनी और मजदूर ए शिफ्ट से काम पर लौट आए। चार दिनों से बंद पड़ी खदान में उत्पादन भी फिर से शुरू हो गया, जिससे क्षेत्र में औद्योगिक गतिविधियों ने रफ्तार पकड़ ली।
इसे भी पढ़ें : Gua : गुवा थाना शिव मंदिर में हिंदू नववर्ष पर भगवान शिव का आलौकिक श्रृंगार
हड़ताल खत्म होने के बाद भाटीन माइंस में उत्पादन फिर से शुरू
वार्ता के दौरान ठेका कर्मियों की कई महत्वपूर्ण मांगों को स्वीकार किया गया। इनमें कैंटीन सुविधा चालू करना, बीटीसी ट्रेनिंग का भुगतान, तकनीकी कार्य कर रहे कर्मचारियों को स्किल्ड वेतन देना, दुर्घटना में मृत्यु पर 30 लाख रुपये मुआवजा, मासिक इंसेंटिव, 60 रुपये प्रतिदिन रात्रि भत्ता, सैलरी स्लिप जारी करना और अवकाश संबंधी प्रावधान शामिल हैं। इसके तहत साल में 24 दिन अर्जित अवकाश, 12 दिन आकस्मिक अवकाश और 12 दिन मेडिकल छुट्टी देने पर भी सहमति बनी। इन मांगों के पूरा होने से ठेका मजदूरों में संतोष देखा गया और उन्होंने आंदोलन वापस लेने का निर्णय लिया।
इसे भी पढ़ें : Gua : हिंदू नव वर्ष आत्मचिंतन और नई शुरुआत का प्रतीक – डॉ. रानी ठाकुर
मजदूरों की प्रमुख मांगों पर बनी सहमति, सुविधाओं में होगा सुधार
इस दौरान श्रमायुक्त ने एम एफ बी जियोटेक और यूसीआईएल प्रबंधन को श्रम कानूनों के उल्लंघन पर कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि भविष्य में मजदूरों को मूलभूत सुविधाओं से वंचित किया गया तो कानूनी कार्रवाई की जाएगी। झामुमो मुख्य संयोजक बाघराय मार्डी, ग्राम प्रधान मंगल सोरेन और मुखिया राम साईं सोरेन ने हड़ताल समाप्ति की घोषणा की। यह पहली बार है जब हजारीबाग से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए इस तरह का समाधान निकाला गया, जिसे प्रशासनिक स्तर पर एक प्रभावी पहल माना जा रहा है।























