- ‘स्वच्छता ही सेवा’ रैली से गूंजा तुरामडीह और महुलडीह क्षेत्र
- स्वच्छ और स्वस्थ समाज के निर्माण का संकल्प
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जादूगोड़ा : जादूगोड़ा क्षेत्र में बेटियों के स्वास्थ्य और स्वच्छता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से यूरेनियम कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (यूसील) के तुरामडीह यूरेनियम प्रोजेक्ट प्रबंधन ने विशेष अभियान चलाया। प्रशासनिक अधिकारी स्टेलिन हेंब्रम की अगुवाई में सुंदरनगर स्थित कस्तूरबा बालिका उच्च विद्यालय एवं भारत सेवा श्रम के स्कूली बच्चों के बीच 1020 पैकेट में कुल 18,360 सेनेटरी पैड वितरित किए गए। कार्यक्रम में डॉ. बबीता साव मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित थीं। इससे पूर्व कंपनी से सटे विस्थापित गांव ताल्सा के सरकारी स्कूलों के बच्चों ने स्वच्छता रैली निकाली। ‘स्वच्छता ही सेवा है’ के नारों से पूरा तुरामडीह क्षेत्र गूंज उठा।
इसे भी पढ़ें : Muri : खपचाबेड़ा सरना भवन में सरहुल पर्व को लेकर बैठक संपन्न
ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता जागरूकता अभियान को मिली नई दिशा
इसी कड़ी में महुलडीह यूरेनियम प्रोजेक्ट क्षेत्र में भी स्वच्छता कार्यक्रम आयोजित कर ग्रामीणों को जागरूक किया गया। स्टेलिन हेंब्रम ने बताया कि किशोरियों के स्वास्थ्य सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह वितरण किया गया है। साथ ही बच्चों को स्वच्छता टी-शर्ट प्रदान की गई ताकि वे स्वच्छता के संदेशवाहक बन सकें। कार्यक्रम के दौरान आयोजित पेंटिंग प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त छात्रों को पुरस्कृत किया गया। हेंब्रम ने बच्चों को समय-समय पर नाखून काटने, स्कूल और आसपास के वातावरण को साफ रखने तथा व्यक्तिगत स्वच्छता अपनाने की सीख दी।























