- 30 साल बाद स्टेशन पर बड़ी ट्रेन का ठहराव, शाम साढ़े छह बजे होगा कार्यक्रम
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जादूगोड़ा : जादूगोड़ा क्षेत्र के राखा माइंस रेलवे स्टेशन पर शनिवार को ऋषिकेश–कलिंगा उत्कल एक्सप्रेस के ठहराव को लेकर औपचारिक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर जमशेदपुर सांसद विद्युत महतो और पोटका विधायक संजीव सरदार शाम करीब साढ़े छह बजे स्टेशन पर ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे। रेलवे प्रशासन और स्थानीय स्तर पर कार्यक्रम की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इस संबंध में राखा माइंस स्टेशन मास्टर डी. कुमार ने बताया कि कार्यक्रम को लेकर सभी जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों को सूचना भेज दी गई है। कार्यक्रम में टाटा-खड़गपुर खंड के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक निशात कुमार भी विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। स्थानीय लोगों में इस आयोजन को लेकर उत्साह देखा जा रहा है।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : आपसी विवाद के बाद गले की नस काटकर आत्महत्या का प्रयास
अन्य ट्रेनों के ठहराव की भी उठ रही मांग, लोगों की नजर सांसद पर
गौरतलब है कि लगभग 30 वर्षों के लंबे अंतराल के बाद राखा माइंस रेलवे स्टेशन पर ऋषिकेश–कलिंगा उत्कल एक्सप्रेस का ठहराव शुरू हुआ है। बताया जा रहा है कि यह संभव जमशेदपुर सांसद विद्युत महतो की पहल से हो पाया है, जिससे क्षेत्र के लोगों को काफी राहत मिली है। हालांकि स्थानीय लोगों के बीच अब यह चर्चा भी तेज हो गई है कि कोरोना काल में बंद हुए कुर्ला एक्सप्रेस समेत अन्य लोकल ट्रेनों का ठहराव कब शुरू होगा। इसके अलावा पुरुषोत्तम एक्सप्रेस के ठहराव की मांग भी क्षेत्र में लंबे समय से उठती रही है। ऐसे में अब लोगों की निगाहें सांसद विद्युत महतो पर टिकी हुई हैं कि वे इन अन्य मांगों को पूरा कराने के लिए कब तक पहल करती हैं। फिलहाल उत्कल एक्सप्रेस के ठहराव को लेकर क्षेत्र में खुशी का माहौल है।























