- इलाज में लापरवाही और मौत की सूचना नहीं देने का आरोप, अस्पताल में हुई तीखी नोकझोंक
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जमशेदपुर : परसुडीह थाना क्षेत्र के हलूदबनी निवासी राजेश प्रसाद की 70 वर्षीय माता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद टाटानगर रेलवे अस्पताल में जमकर हंगामा हुआ। परिजनों ने अस्पताल के डॉक्टरों और प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। परिवार के लोगों के अनुसार 3 तारीख को सांस लेने में तकलीफ होने के कारण वृद्ध महिला को टाटानगर रेलवे अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उनका कहना है कि इलाज के दौरान डॉक्टरों ने सही तरीके से देखभाल नहीं की, जिसके कारण उनकी तबीयत लगातार बिगड़ती चली गई। परिजनों का आरोप है कि अस्पताल प्रशासन ने मरीज की हालत के बारे में समय पर कोई जानकारी नहीं दी और इलाज में भी पर्याप्त गंभीरता नहीं दिखाई।
इसे भी पढ़ें : Seraikela : जल जीवन मिशन और स्वच्छ भारत मिशन की समीक्षा, उपायुक्त ने दिए पेयजल व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश
मौत की सूचना अन्य लोगों से मिलने पर अस्पताल पहुंचे परिजन
परिजनों का आरोप है कि महिला की मौत हो जाने के बाद भी अस्पताल प्रशासन की ओर से उन्हें कोई आधिकारिक सूचना नहीं दी गई। उनका कहना है कि अस्पताल में इलाज के लिए आए अन्य मरीजों और उनके परिजनों से उन्हें जानकारी मिली कि उनकी माता का निधन हो चुका है। इसके बाद जब परिवार के सदस्य अस्पताल पहुंचे तो वहां मौजूद प्रबंधन और स्टाफ के साथ उनकी कहासुनी हो गई। परिजनों का यह भी आरोप है कि इस दौरान उनके साथ मारपीट की गई। घटना की सूचना मिलते ही परसुडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने दोनों पक्षों से जानकारी लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतका अपने पीछे चार बच्चों का भरा-पूरा परिवार छोड़ गई हैं। फिलहाल पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।

























