- उलीडीह थाना क्षेत्र में बड़ा हादसा टला, मारुति डिजायर पूरी तरह जलकर खाक
- यातायात बाधित होने से राहगीरों को परेशानी
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जमशेदपुर : उलीडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत डिमना चौक के पास बुधवार शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक चलती कार में अचानक आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि मारुति डिजायर कार कुछ ही देर में पूरी तरह जलकर खाक हो गई। राहत की बात यह रही कि कार में सवार सभी लोग समय रहते वाहन से बाहर निकल आए, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई। घटना की सूचना मिलते ही उलीडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभालने में जुट गई।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : दुमुहानी संगम महोत्सव 13–14 जनवरी को, तैयारियों को लेकर हिन्दू उत्सव समिति की अहम बैठक
बढ़ती जा रही है चलती गाड़ियों में आग लगने की घटनाएं
घटना के बाद डिमना चौक पर यातायात व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो गई। सड़क के एक ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे राहगीरों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। पुलिस ने तुरंत दमकल विभाग को सूचना दी, हालांकि खबर लिखे जाने तक दमकल की टीम मौके पर नहीं पहुंच सकी थी। फिलहाल आग लगने के सटीक कारणों का पता नहीं चल पाया है, लेकिन आशंका जताई जा रही है कि कार में शॉर्ट सर्किट के कारण यह हादसा हुआ होगा। पुलिस मामले की जांच कर रही है और यातायात को सामान्य करने का प्रयास जारी है।


























