- छात्र समस्याओं को लेकर मुख्यमंत्री के नाम सौंपा गया ज्ञापन
- जिला सचिव शुभम कुमार झा के नेतृत्व में छात्रों का आक्रोश
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जमशेदपुर : ऑल इंडिया डेमोक्रेटिक स्टूडेंट ऑर्गनाइजेशन (एआईडीएसओ) पूर्वी सिंहभूम के छात्र प्रतिनिधियों ने जिले में शिक्षा व्यवस्था की बदहाली को लेकर उपायुक्त कार्यालय के समक्ष जोरदार प्रदर्शन किया। एआईडीएसओ के जिला सचिव शुभम कुमार झा के नेतृत्व में छात्रों ने मुख्यमंत्री के नाम उपायुक्त को ज्ञापन सौंपते हुए शिक्षा संबंधी समस्याओं के समाधान की मांग की। छात्रों ने कहा कि जिले में प्राथमिक शिक्षा से लेकर उच्च शिक्षा तक की स्थिति चिंताजनक है। गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का अभाव, शिक्षकों की भारी कमी, छात्रवृत्ति में देरी और आधारभूत संरचना की कमी ने छात्रों के भविष्य को संकट में डाल दिया है।
इसे भी पढ़ें : Ghatsila : सोनादेवी विश्वविद्यालय में शंखनाद 2.0, शिक्षा के नए युग का आगाज
15 दिन की चेतावनी, नहीं तो होगा उग्र आंदोलन
ज्ञापन में छात्रों ने स्पष्ट रूप से 15 दिनों के भीतर समस्याओं के समाधान की मांग की है। प्रमुख मांगों में छात्रवृत्ति का अविलंब भुगतान, रिक्त पदों पर शिक्षकों एवं शिक्षकेतर कर्मचारियों की बहाली, छात्र संघ चुनाव की बहाली सहित अन्य शैक्षणिक सुधार शामिल हैं। छात्र नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि निर्धारित समय के भीतर उनकी मांगें पूरी नहीं की गईं, तो वे राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे। एआईडीएसओ ने कहा कि शिक्षा कोई व्यापार नहीं, बल्कि हर छात्र का मौलिक अधिकार है और इसके लिए संघर्ष जारी रहेगा।
























