- स्थाई कचरा उठाव, जलकर की पारदर्शिता और पंचायत भवन में हुई घटनाओं की जांच के लिए अधिकारी को किया अवगत
- उपायुक्त ने ज्ञापन पर तुरंत कार्रवाई का दिया भरोसा
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जमशेदपुर : बागबेड़ा कॉलोनी पंचायत में स्थाई रूप से कचरा निस्तारण की व्यवस्था सुनिश्चित करने और जलकर की आय–व्यय का लेखा प्रस्तुत करने के लिए पंचायत समिति सदस्य सुनील गुप्ता एवं उपमुखिया संतोष ठाकुर ने उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी को संयुक्त रूप से ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में बताया गया कि ग्राम सभा की तिथि निर्धारित करने हेतु प्रखंड से लेकर जिला स्तर तक कई बार आवेदन किए जाने और पंचायत समिति की मासिक बैठकों में कई बार चर्चा होने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। इसका सीधा असर क्षेत्र की स्वच्छता व्यवस्था पर पड़ रहा है और नागरिकों में असंतोष बढ़ रहा है।
इसे भी पढ़ें : Potka : पोटका में बालिका शिक्षा को नई मजबूती, 51 लाख से चार कक्षों का निर्माण शुरू
बागबेड़ा कॉलोनी में कचरा निस्तारण पर ठोस कार्रवाई की मांग
ज्ञापन में यह भी मांग की गई कि बागबेड़ा हाउसिंग कॉलोनी जलापूर्ति योजना के तहत वसूले जा रहे जलकर की राशि का विस्तृत आय–व्यय विवरण सार्वजनिक किया जाए। पंचायत प्रतिनिधियों और स्थानीय नागरिकों का कहना है कि इससे पारदर्शिता बढ़ेगी और शासन के प्रति विश्वास कायम होगा। साथ ही ज्ञापन में पंचायत भवन में हुई चोरी और आगजनी की घटनाओं या संभावित गबन से संबंधित साक्ष्यों की निष्पक्ष जांच कराने की भी मांग की गई। इन मामलों की अनदेखी से पंचायत और आम जनता में आक्रोश फैल रहा है।
इसे भी पढ़ें : Potka : पोटका में चाकू की नोंक पर छिनतई करने वाले दो अपराधी गिरफ्तार
जलकर लेखा और पंचायत भवन घटनाओं की निष्पक्ष जांच की उठी मांग
सभी बिंदुओं से अवगत होने के बाद उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने ज्ञापन को संबंधित विभागों को अग्रसारित कर कार्रवाई का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि स्थाई कचरा उठाव के लिए ग्राम सभा की तिथि एक सप्ताह के भीतर सुनिश्चित की जाएगी। इसके साथ ही पंचायत भवन में हुई चोरी और आगजनी की घटनाओं की जांच कर जल्द स्थिति स्पष्ट की जाएगी। इस कदम से क्षेत्र में स्वच्छता, पारदर्शिता और प्रशासनिक जवाबदेही को मजबूती मिलने की संभावना जताई जा रही है।
























