- यूएफबीयू के आह्वान पर देशभर में एकदिवसीय हड़ताल, उपभोक्ता हुए परेशान
- जमशेदपुर सहित देशभर में बैंकों का कामकाज प्रभावित
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जमशेदपुर : जमशेदपुर समेत देशभर में बुधवार को बैंक कर्मियों ने पांच दिवसीय कार्य सप्ताह की मांग को लेकर एकदिवसीय हड़ताल की। इस हड़ताल में सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक, निजी बैंक और ग्रामीण बैंकों के कर्मचारी शामिल रहे। बैंक कर्मियों ने अपने-अपने कार्यस्थलों से दूरी बनाते हुए बैंकों के समक्ष धरना-प्रदर्शन किया, जिससे पूरे दिन बैंकिंग सेवाएं पूरी तरह ठप रहीं। लेनदेन, चेक क्लीयरेंस और अन्य आवश्यक बैंकिंग कार्य बाधित होने से आम उपभोक्ताओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई ग्राहकों को बैंक शाखाओं से निराश होकर लौटना पड़ा।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : सोनारी में संदिग्ध हालात में युवक की मौत, पत्नी पर लगाए गए गंभीर आरोप
2015 से लंबित है पांच दिवसीय कार्य सप्ताह की मांग
बैंक कर्मियों का कहना है कि वे वर्ष 2015 से लगातार पांच दिवसीय कार्य सप्ताह लागू करने की मांग कर रहे हैं, लेकिन सरकार और बैंक प्रबंधन की ओर से अब तक कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है। कर्मियों के अनुसार बैंकिंग सेक्टर में कार्य का दबाव लगातार बढ़ रहा है। स्टाफ की भारी कमी, बढ़ती जिम्मेदारियां और लंबे कार्य घंटे कर्मचारियों के शारीरिक व मानसिक स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव डाल रहे हैं। उन्होंने कहा कि पांच दिवसीय कार्य सप्ताह लागू होने से न केवल कर्मचारियों को राहत मिलेगी, बल्कि उनकी कार्यक्षमता बढ़ेगी और ग्राहकों को बेहतर सेवाएं मिल सकेंगी।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : सुंदरनगर में भीषण सड़क हादसा, तेज रफ्तार बाइक की हाइवा से टक्कर, एक की मौत
मांगें नहीं मानी गईं तो आंदोलन होगा तेज
यह हड़ताल यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियन्स (यूएफबीयू) के आह्वान पर की गई, जिसमें विभिन्न बैंक कर्मचारी संगठनों ने एकजुट होकर भाग लिया। जमशेदपुर में भी बड़ी संख्या में बैंक कर्मी हाथों में बैनर-पोस्टर लेकर अपनी मांगों के समर्थन में नारेबाजी करते नजर आए। धरना स्थल पर वक्ताओं ने सरकार से शीघ्र निर्णय लेने की अपील की। बैंक कर्मियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार नहीं किया गया, तो आने वाले दिनों में आंदोलन को और तेज किया जाएगा। फिलहाल उपभोक्ता बैंकिंग सेवाएं सामान्य होने का इंतजार कर रहे हैं।
























