- गंदा पानी सड़क पर बहने से बढ़ी परेशानी, कार्रवाई न होने पर नगर निगम घेराव की चेतावनी
जेबी लाइव, रिपोर्टर
मानगो के समता नगर की स्थिति पिछले एक सप्ताह से पूरी तरह नारकीय बनी हुई है। जाम नाली की सफाई न होने के कारण गंदा पानी सड़क पर धाराप्रवाह बह रहा है, जिससे स्थानीय लोगों का आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया है। बदबू और मच्छरों के कारण लोगों का पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। इलाके की दयनीय स्थिति से परेशान लोगों ने पूर्व भाजपा नेता विकास सिंह को बुलाकर समस्या से अवगत कराया। लोगों का कहना है कि कई बार मानगो नगर निगम में शिकायत करने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। ठेकेदार द्वारा सिर्फ खानापूर्ति की जाती है और पूरा मोहल्ला गंदगी से बजबजा रहा है। बदबू के कारण कुछ लोग घर छोड़ने तक को मजबूर हो रहे हैं। विकास सिंह ने मौके पर स्थिति का निरीक्षण करते हुए इसे गंभीर समस्या बताया और जमशेदपुर के उपायुक्त करण सत्यार्थी को इसकी शिकायत की।
इसे भी पढ़ें : Seraikela : चांडिल स्टेशन बस्ती के मोदी फास्ट फूड होटल में कारीगर की संदिग्ध मौत
विकास सिंह बोले—नगर निगम भ्रष्टाचार में लिप्त, सुधार नहीं हुआ तो घेराव होगा
पूर्व भाजपा नेता विकास सिंह ने कहा कि पूरा मानगो क्षेत्र गंदगी के आगोश में है और नगर निगम के अधिकारी भ्रष्टाचार में इतने लिप्त हैं कि उन्हें जनता की परेशानियों से कोई सरोकार नहीं। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि जल्द स्थिति में सुधार नहीं किया गया और नाली की नियमित सफाई शुरू नहीं हुई, तो मानगो नगर निगम का घेराव किया जाएगा। उन्होंने बताया कि समता नगर की हालत लगातार बिगड़ रही है और यह जनस्वास्थ्य से जुड़ा गंभीर मुद्दा बन चुका है। मौके पर उपस्थित मिथलेश यादव, बिगन गुप्ता, अजीत शर्मा, विजय ठाकुर, संदीप शर्मा, शंकर सिंह, धनंजय पांडेय, मुना गुप्ता सहित स्थानीय लोगों ने भी नगर निगम से अविलंब कार्रवाई की मांग की। क्षेत्रवासियों का कहना है कि यदि तुरंत समाधान नहीं हुआ, तो वे बड़े आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।
























