- नशे के खिलाफ अभियान में सोनारी पुलिस को बड़ी सफलता, गुप्त सूचना पर हुई छापेमारी
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जमशेदपुर : सोनारी पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए आशियाना न्यू कपाली बस्ती में छापेमारी कर ब्राउन शुगर के एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के पास से 11 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद की है। यह कार्रवाई रविवार की शाम गुप्त सूचना के आधार पर की गई। पुलिस को सूचना मिली थी कि न्यू कपाली बस्ती क्षेत्र में एक युवक अवैध रूप से मादक पदार्थों की तस्करी कर रहा है। सूचना की पुष्टि के बाद सोनारी थाना की एक विशेष टीम का गठन किया गया और योजनाबद्ध तरीके से इलाके में दबिश दी गई। छापेमारी के दौरान पुलिस को देखते ही वहां मौजूद लोग इधर-उधर भागने लगे, इसी बीच एक युवक पुलिस के हत्थे चढ़ गया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उसे दौड़ाकर पकड़ लिया और उसकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके पास से ब्राउन शुगर की 11 पुड़िया बरामद की गईं, जिससे इलाके में नशा कारोबार की पुष्टि हुई।
इसे भी पढ़ें : Patamda : पटमदा में कार–बाइक की भीषण टक्कर, युवक आठ घंटे जंगल में पड़ा रहा
आरोपी ने कबूल किया अपराध
गिरफ्तार आरोपी की पहचान श्याम ठाकुर (28) के रूप में हुई है। वह सोनारी थाना क्षेत्र के परदेशी पाड़ा, सिनेमा मैदान के पीछे कमलेश निषाद के घर में किरायेदार के रूप में रह रहा था। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया है कि वह लंबे समय से नशे के अवैध कारोबार से जुड़ा हुआ था और आसपास के इलाकों में ब्राउन शुगर की पुड़िया सप्लाई करता था। पुलिस ने बताया कि आरोपी के पास से कुल 11 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद हुई है, जिसका कुल वजन लगभग 2 ग्राम बताया गया है। इस मामले में सोनारी थाना के एसआई शिवम राज के बयान पर आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी ब्राउन शुगर कहां से लाता था और इस नेटवर्क में उसके साथ और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
इसे भी पढ़ें : Seraikela : पाटाहेंसल गांव में युवक ने पेड़ से लटक कर की आत्महत्या
पुलिस ने जेल भेजा, अभियान रहेगा जारी
इस संबंध में सोनारी थाना प्रभारी मधुसूदन दे ने पत्रकारों को जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस उपाधीक्षक हेडक्वाटर-2 के नेतृत्व में गठित टीम द्वारा यह कार्रवाई की गई है। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ सोनारी पुलिस लगातार अभियान चला रही है और भविष्य में भी ऐसे तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। गिरफ्तार आरोपी को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। थाना प्रभारी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि नशे का अवैध कारोबार करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस की इस कार्रवाई से इलाके में नशा कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया है, वहीं स्थानीय लोगों ने पुलिस की इस पहल की सराहना की है।
























