- प्रदर्शन की घोषणा के बाद जेएनएसी ने बढ़ाई सफाई रफ्तार, कार्यकर्ताओं ने तय की निगरानी रणनीति
- ब्लीचिंग, एंटी-लार्वा छिड़काव और फॉगिंग को लेकर बनी सहमति
जेबी लाइव, रिपोर्टर
एनडीए के बैनर तले 11 अगस्त को जेएनएसी (जमशेदपुर नॉटिफाइड एरिया कमिटी) कार्यालय के बाहर कूड़े के मुद्दे पर प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन को फिलहाल स्थगित कर दिया गया है। यह निर्णय पश्चिमी विधानसभा क्षेत्र के नेताओं की बैठक में लिया गया, जिसमें कार्यकर्ताओं ने बताया कि प्रदर्शन की घोषणा के बाद जेएनएसी ने सफाई अभियान में अचानक तेजी ला दी है। कदमा और सोनारी क्षेत्र के कार्यकर्ताओं का कहना है कि पिछले कुछ दिनों से सफाई पहले से ज्यादा व्यवस्थित और नियमित ढंग से की जा रही है। बैठक में तय हुआ कि दोनों क्षेत्रों के कार्यकर्ता अब सफाई व्यवस्था की नियमित निगरानी करेंगे और यदि फिर से लापरवाही मिली, तो विरोध की नई तारीख तय की जाएगी।
इसे भी पढ़ें : Seraikela : 78 साल बाद भी विकास से वंचित कालिंदी हरिजन बस्ती, सड़क-नाली-शौचालय का है इंतजार
सफाई व्यवस्था पर कार्यकर्ताओं की निगरानी, लापरवाही पर फिर होगा विरोध
जनता दल (यू) के जिलाध्यक्ष सुबोध श्रीवास्तव ने बताया कि जेएनएसी के उप नगर आयुक्त कृष्णा कुमार ने रविवार को फोन पर भरोसा दिलाया है कि सफाई अब नियमित और सुचारू रूप से होगी। उन्होंने कहा कि वह दो दिन बाद जमशेदपुर आकर प्रतिनिधिमंडल से मिलेंगे और सफाई व्यवस्था को और बेहतर बनाने पर चर्चा करेंगे। सुबोध श्रीवास्तव ने उनसे आग्रह किया कि अधीनस्थ अधिकारी, सुपरवाइजर और ठेकेदार सभी समस्याग्रस्त इलाकों में जाएं, तेज गति से सफाई करें, साथ ही ब्लीचिंग पाउडर, एंटी-लार्वा का छिड़काव और हर मोहल्ले में नियमित फॉगिंग भी जारी रखें। उप नगर आयुक्त ने इस पर सहमति जताई।
























