- सड़क बंद, वैकल्पिक मार्ग लागू, जेसीबी से खुदाई का काम तेज, ट्रैफिक पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की
- अवरोध के बाद फिर शुरू हुआ प्रोजेक्ट, फ्लाईओवर से जाम की समस्या होगी कम
जेबी लाइव, रिपोर्टर
मानगो चौक–पारडीह रोड पर गुरुवार से फ्लाईओवर निर्माण कार्य एक बार फिर शुरू कर दिया गया है। पृथ्वी उद्यान के सामने जेसीबी से मिट्टी की खुदाई का कार्य तेजी से किया जा रहा है। कार्य शुरू होने के साथ ही ट्रैफिक पुलिस ने मानगो चौक की ओर जाने वाली सड़क को पूरी तरह बंद कर दिया है, जबकि पारडीह की ओर आने वाली सड़क फिलहाल चालू है। निर्माण अवधि के लिए विशेष ट्रैफिक व्यवस्था लागू कर दी गई है, जिसके तहत जवाहर नगर रोड नंबर 15 के पास से मानगो चौक की ओर भारी वाहनों का प्रवेश बंद कर दिया गया है। चार पहिया वाहनों को वैकल्पिक मार्ग अपनाने के लिए सड़क पर बड़े-बड़े पत्थर रख दिए गए हैं। स्वर्ण रेखा के ऊपर बन रहे इस फ्लाईओवर का काम डिमना रोड स्थित ब्लू बेल्स स्कूल के पास से मानगो चौक तक तेजी से आगे बढ़ रहा है।
इसे भी पढ़ें : Baharagoda : जुगिसोल एफसी ने जीता मांगरोसोल फुटबॉल प्रतियोगिता का खिताब
ट्रैफिक डायवर्जन लागू, मानगो की मुख्य सड़क बंद, वैकल्पिक मार्ग से चलेगी आवाजाही
गौरतलब है कि 25 नवंबर को मानगो चौक पर निर्माण कार्य शुरू किया गया था, लेकिन स्थानीय विधायक सरयू राय के निर्देश पर जदयू कार्यकर्ताओं ने काम रोक दिया था। जदयू नेता पप्पू सिंह ने आपत्ति जताई थी कि पथ निर्माण विभाग को पहले डिमना रोड फ्लाईओवर को पूरा करना चाहिए, उसके बाद ही मानगो–पारडीह रोड कार्य की शुरुआत होनी चाहिए। कुछ दिनों की रोक के बाद अब निर्माण दोबारा आगे बढ़ा दिया गया है और पाइलिंग का कार्य पहले ही पूरा हो चुका है। निर्माण शुरू होने के बाद से स्थानीय लोग उम्मीद जता रहे हैं कि फ्लाईओवर बनने से क्षेत्र में जाम की समस्या काफी कम होगी और मानगो से पारडीह रोड तक आवागमन आसान हो जाएगा।
























