- पहला चरण पूरा होने से पहले दूसरा चरण शुरू करने पर विवाद तेज
- झामुमो का समर्थन, कहा—विकास कार्य किसी भी हालत में नहीं रुकेगा
जेबी लाइव, रिपोर्टर
मानगो फ्लाइओवर निर्माण के दूसरे चरण की शुरुआत मंगलवार से होनी थी, जिसके लिए प्रशासन ने पारडीह चौक से पायल टाकीज होकर मानगो की ओर जाने वाली मुख्य सड़क को अस्थायी रूप से बंद करने का निर्देश जारी किया था। ट्रैफिक डायवर्जन और वैकल्पिक रूट की तैयारी भी शुरू कर दी गई थी। इसी बीच जमशेदपुर पश्चिमी के विधायक सरयू राय के विधायक सुविधा प्रतिनिधि पप्पू सिंह कार्य स्थल पर पहुंचे और निर्माण कार्य को रोक दिया। उनका कहना था कि जब तक फ्लाइओवर के प्रथम चरण का कार्य पूर्ण होकर चालू नहीं हो जाता, तब तक दूसरा चरण शुरू करना जनता के लिए असुविधा का कारण बनेगा और यह निर्णय उचित नहीं है।
इसे भी पढ़ें : Gua : टाटा स्टील जोडा रन-ए-थॉन 2025 में 4,600 से अधिक धावकों ने लिया हिस्सा, हरित कल की थीम रही प्रमुख
पहले चरण की अधूरी स्थिति पर उठे सवाल
दूसरी ओर झामुमो कार्यकर्ताओं ने सरकार के फैसले का जोरदार समर्थन करते हुए पप्पू सिंह द्वारा कार्य रुकवाए जाने पर आपत्ति जताई। उनका कहना है कि यह महत्वपूर्ण विकास कार्य है और मानगो क्षेत्र की जनता लंबे समय से जाम की समस्या से जूझ रही है। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि सरकारी काम में बाधा डालने की अनुमति किसी को नहीं दी जाएगी और फ्लाइओवर निर्माण निर्धारित योजना के अनुसार जारी रहेगा। झामुमो नेताओं का मानना है कि निर्माण कार्य जल्द पूरा होने से लोगों को जाम से राहत मिलेगी और यह शहर के विकास के लिए आवश्यक है।
























