- आठ माह रहे डीएलएसए के सचिव, मिडिएटर्स व एलएडीसी ने दी सौहार्दपूर्ण विदाई
- जमशेदपुर कोर्ट में बनाए गए सिविल जज सीनियर डिवीजन
- 8 माह के कार्यकाल में धर्मेंद्र कुमार ने न्यायिक सुधार और सामाजिक जागरूकता में किए कई महत्वपूर्ण कार्य
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जमशेदपुर : जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (डालसा) के सचिव धर्मेंद्र कुमार को उनके न्यायिक सक्रियता से जुड़े कार्यों के लिए याद किया जाएगा। 21 अप्रैल 2025 को पदभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने अपने 8 माह के कार्यकाल में न्यायिक क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण कदम उठाए। उनके नेतृत्व में तीन नेशनल लोक अदालत (मई, सितंबर और दिसंबर) सफलतापूर्वक संपन्न हुई, जिसमें हजारों मामले निष्पादित किए गए। इसके अलावा, उन्होंने 90 दिनों तक चलने वाले “मिडिएशन फॉर नेशन” अभियान के माध्यम से मामले त्वरित गति से निष्पादित करवाए।
इसे भी पढ़ें : Gopalganj : गोपालगंज के थावें मंदिर में चोरी की बड़ी वारदात से हड़कंप

धर्मेंद्र कुमार ने पारिवारिक विवादों के निपटारे के लिए “स्पेशल मिडिएशन ड्राइव फॉर फैमिली केसेस” (जून, सितंबर एवं दिसंबर 2025) अभियान का आयोजन किया। इसके अंतर्गत परिवारिक विवाद से जुड़े कई मामलों का त्वरित निष्पादन हुआ। उन्होंने जिले के सभी प्रखंडों में प्रशासनिक अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर लीगल एंपावरमेंट कैंप का आयोजन करवाया। इन कैंपों में सैकड़ों लाभार्थियों को लाभ प्रदान किया गया और आवश्यकतानुसार विभिन्न योजनाओं से जोड़ा गया। धर्मेंद्र कुमार ने अधिकार मित्र (पीएलवी) एवं सामाजिक संगठनों के सहयोग से शहर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता शिविर का भी सफल आयोजन किया।
इसे भी पढ़ें : Chhapara (Bihar) : सारण : धर्मनाथ मंदिर में चोरी, नगदी और आभूषण ले उड़े चोर
विदाई समारोह जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सभागार में आयोजित किया गया, जिसमें मिडिएटर्स और एलएडीसी ने धर्मेंद्र कुमार को शॉल, बुके और मोमेंटो भेंट कर सम्मानित किया। समारोह में धर्मेंद्र कुमार ने सभी सहयोगियों का धन्यवाद किया और विशेषकर मिडिएटर्स, एलएडीसी तथा कार्यालय कर्मियों की सराहना की। उनके स्थान पर सिविल जज सीनियर डिवीजन सह न्यायिक दंडाधिकारी कुमार सौरभ त्रिपाठी को डालसा का नया सचिव नियुक्त किया गया। धर्मेंद्र कुमार का कार्यकाल न्यायिक सक्रियता और समाज सेवा में एक प्रेरक उदाहरण के रूप में याद रखा जाएगा।
























