- संजय पथ पर लोहे की रॉड और डंडों से हमला, घायल अधिवक्ता इलाजरत
- परिवार और अधिवक्ता की सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील
जेबी लाइव, रिपोर्टर
उलीडीह थाना क्षेत्र के संजय पथ, सुभाष कॉलोनी रोड नंबर-1 में अधिवक्ता दिलीप गोराई पर 18 नवंबर को जानलेवा हमला किया गया। पीड़ित ने बताया कि दोपहर करीब 2:30 बजे वे अपनी दीदी जशोदा पाल और भगनी चित्रा पाल को उनके घर छोड़ने गए थे। इसी दौरान उनकी दीदी के देवर संदीप पाल, उसकी पत्नी प्रीति पाल, साला गोलू चौबे और ससुर अबनी कांत पाल ने उनसे गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपियों ने लोहे की रॉड और डंडों से अधिवक्ता पर हमला कर दिया। हमले में दिलीप गोराई के सिर में गंभीर चोटें आईं और वे लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े।
इसे भी पढ़ें : Ranchi : जेपीएससी फूड सेफ्टी ऑफिसर रिजल्ट 18 माह से लंबित, छात्रों का आक्रोश
उलीडीह में अधिवक्ता पर हमले से क्षेत्र में तनाव
घटना के बाद घायल अधिवक्ता को उलीडीह थाना लाया गया, जहां से पुलिस ने उन्हें एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया। पीड़ित ने आरोप लगाया कि आरोपी घटना के बाद थाने पहुंचे और उनके खिलाफ झूठी शिकायत दर्ज कराने का प्रयास किया। थाना प्रभारी ने आरोपियों को हिरासत में लेने की बात कही थी, लेकिन 19 नवंबर को सभी आरोपियों को थाने से छोड़ दिया गया। दिलीप गोराई ने कहा कि इस मामले में अब तक किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। 10 दिसंबर को संदीप पाल ने फोन कर केस वापस लेने का दबाव बनाया और जान से मारने की धमकी दी।
इसे भी पढ़ें : Gua : झारखंड मजदूर संघर्ष संघ का मिलन समारोह, सेल प्रबंधन के खिलाफ आंदोलन का ऐलान
अधिवक्ता पर धमकी और दबाव, न्याय की मांग बढ़ी
अधिवक्ता ने एसएसपी को लिखित शिकायत में कहा कि उनकी और उनके परिवार की सुरक्षा को देखते हुए निष्पक्ष और शीघ्र जांच की जाए। उन्होंने बताया कि आरोपियों ने उनके, उनकी बहन, जीजा, भांजा और भांजी के खिलाफ भी झूठा मामला दर्ज कराया है। वे परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य हैं और गंभीर चोटों से जूझ रहे हैं। समय रहते कार्रवाई न होने पर उन्होंने अपनी जान को गंभीर खतरा होने की आशंका जताई है और पुलिस से आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी एवं सुरक्षा प्रदान करने की मांग की है।
























