- नशे को न कहें, जीवन को हां कहें : अरविंद कुमार पांडेय
- ड्रग फ्री इंडिया अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जमशेदपुर : जमशेदपुर व्यवहार न्यायालय के लोक अदालत हॉल में सोमवार को नालसा एवं झालसा के निर्देश पर नशा उन्मूलन जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर प्रधान जिला जज अरविंद कुमार पांडेय ने कहा कि नशा अपराधों की जननी है। नशा करने से कुछ समय के लिए आनंद तो मिलता है, लेकिन बाद में बर्बादी के सिवा कुछ हासिल नहीं होता। उन्होंने कहा कि 5 जनवरी से 12 जनवरी तक चलने वाला यह विशेष जागरूकता अभियान का समापन नहीं हुआ है, बल्कि यह निरंतर चलने वाला अभियान है, जब तक कि पूर्ण रूप से ड्रग फ्री इंडिया नहीं हो जाता। उन्होंने नशापान करने वाले लोगों को नसीहत देते हुए कहा कि जीवन बहुमूल्य है, इसलिए नशे को न कहें और जीवन को हां कहें।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : महिला मोर्चा को महिलाओं के मुद्दे मजबूती से उठाने चाहिए – सरयू राय
नशे के दुष्प्रभावों पर विशेषज्ञों ने दी जानकारी

कार्यक्रम में प्रधान जिला जज ने एक केस का उल्लेख करते हुए बताया कि उन्होंने नशा के जुर्म में आए व्यक्ति को नशा छोड़ने का शपथ दिलाकर जमानत दी थी और वह व्यक्ति हमेशा के लिए नशा छोड़ चुका है। उन्होंने कहा कि नशा करने वाले लोगों को जागरूक करना बेहद जरूरी है। वहीं सदर अस्पताल के मनोचिकित्सक डॉक्टर महेश चंद्र ने नशे के दुष्प्रभावों और उससे होने वाली गंभीर बीमारियों पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि नशा को आप पीते हैं लेकिन नशा आपको पी जाता है और अंततः जीवन समाप्त कर देता है। इसलिए हर हाल में व्यक्ति को नशे से दूर रहना चाहिए।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : आंगनवाड़ी सेविका/सहायिकाओं का बढ़ेगा वेतन, शोषण से मिलेगी मुक्ति – जेपी पांडेय
नशा आपको पी जाता है – डॉ. महेश चंद्र
कार्यक्रम में डालसा सचिव कुमार शौरव त्रिपाठी, प्रथम श्रेणी मजिस्ट्रेट रिचेश कुमार और मध्यस्थ अधिवक्ता शिव शंकर प्रसाद ने नशा से संबंधित नालसा स्कीम एवं ड्रग्स से जुड़े विभिन्न कानूनों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने नशा उन्मूलन के विभिन्न आयामों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि कानूनी प्रावधानों का सही उपयोग कर समाज को नशामुक्त बनाया जा सकता है। मंच पर उपस्थित पूर्व सैनिक एवं डालसा के पीएलवी के के शुक्ला ने भी अपने संबोधन से लोगों को प्रेरित किया। कार्यक्रम के दौरान सभी उपस्थित लोगों ने नशा का सेवन नहीं करने का शपथ लिया।
इसे भी पढ़ें : Musabani : जिला परिषद सदस्य लखी मार्डी के सौजन्य से माटीगोड़ा में कंबल वितरण
नालसा स्कीम और कानूनों पर विस्तृत चर्चा
पोटका प्रखंड के पीएलवी द्वारा नशा विरोधी एक बेहतरीन नुक्कड़ नाटक का प्रस्तुतीकरण किया गया, जिसे उपस्थित लोगों ने खूब सराहा। इस जागरूकता अभियान के दौरान विभिन्न स्थानों पर आयोजित प्रतियोगिताओं में सफल प्रतिभागियों को डालसा की ओर से पुरस्कृत कर हौसला अफजाई की गई। कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर और स्वामी विवेकानंद जी के चित्र पर श्रद्धा सुमन अर्पित कर की गई। वहीं समापन राष्ट्रगान गाकर किया गया। इस अवसर पर व्यवहार न्यायालय के कर्मी, पुलिस अधिकारी, ट्रांसजेंडर समुदाय, स्वयंसेवी संगठन, मीडियेटर, लीगल एड काउंसिल के सदस्य, पैनल अधिवक्ता, लॉ स्टूडेंट और पीएलवी मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
























