- मानसिक रूप से विक्षिप्त 60 वर्षीय अमीना का अब तक नहीं मिला सुराग
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जमशेदपुर : कदमा थाना क्षेत्र अंतर्गत शास्त्रीनगर ब्लॉक नंबर-2 की रहने वाली 60 वर्षीय वृद्ध महिला अमीना बीते 15 दिनों से लापता हैं। पुलिस में गुमशुदगी दर्ज कराने और लगातार खोजबीन के बावजूद अब तक उनका कोई सुराग नहीं मिल पाया है। इससे परेशान होकर उनकी बेटी सबीला बीबी ने गुरुवार को जमशेदपुर के एसएसपी को ज्ञापन सौंपते हुए अपनी मां को खोजने की गुहार लगाई। ज्ञापन में बताया गया है कि अमीना मानसिक रूप से विक्षिप्त हैं और 4 दिसंबर को घर से बिना बताए निकल गई थीं, जिसके बाद कदमा थाना में गुमशुदगी की प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : जमशेदपुर में अपराध की तीन घटनाएं, चोरी, नशा तस्करी और दहेज प्रताड़ना का मामला दर्ज
जमशेदपुर में गुमशुदा मामलों को लेकर पुलिस की बढ़ती चुनौती
सबीला बीबी ने बताया कि उनकी मां इससे पहले भी दो बार घर से निकल चुकी थीं, जिन्हें परिजनों ने खोजकर सुरक्षित वापस ला लिया था, लेकिन इस बार तमाम प्रयासों के बावजूद उनका कोई पता नहीं चल सका। जिस दिन अमीना लापता हुई थीं, उस दिन उन्होंने लाल रंग की साड़ी पहन रखी थी। उनकी लंबाई करीब 4 फीट 6 इंच है, चेहरा गोल है और बाल सफेद हैं। एसएसपी ने परिजनों की बात ध्यान से सुनते हुए भरोसा दिलाया है कि पुलिस सक्रियता से तलाश करेगी और जल्द ही वृद्ध महिला को खोजने का हरसंभव प्रयास किया जाएगा।
























