- उलीडीह थाना में मामला दर्ज, आठ नामजद आरोपियों के खिलाफ एफआईआर
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जमशेदपुर : उलीडीह क्षेत्र के डिमना चौक स्थित एक मटन दुकान पर मारपीट की घटना सामने आई है, जिसमें सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के बाबूडीह ग्वाला बस्ती निवासी पिंटू महतो गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया जा रहा है कि किसी बात को लेकर हुए विवाद ने अचानक उग्र रूप ले लिया और मामला मारपीट में बदल गया। आरोप है कि डिमना बस्ती निवासी साजन मिश्रा, रोहित सट्टेबाज, दिव्यांशु सहित अन्य लोगों ने मिलकर पिंटू महतो पर लाठी-डंडे और हाथ-मुक्कों से हमला किया। गंभीर रूप से घायल पिंटू महतो को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों के अनुसार उनकी स्थिति फिलहाल स्थिर बनी हुई है।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : परसुडीह पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 2 किलो से अधिक गांजा के साथ ड्रग पेडलर गिरफ्तार
घटना के बाद पीड़ित पिंटू महतो ने उलीडीह थाना में लिखित आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है। आवेदन के आधार पर पुलिस ने साजन मिश्रा, रोहित सट्टेबाज, दिव्यांशु समेत कुल आठ लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। सूचना मिलने पर उलीडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटना से जुड़े तथ्यों की जानकारी जुटाई। पुलिस ने बताया कि आरोपियों की भूमिका की जांच की जा रही है और सीसीटीवी फुटेज व प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि मामले में दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
























