- संकरी गलियों के कारण देर से पहुंची दमकल, स्थानीय युवकों ने संभाली मोर्चा
- डेढ़ लाख की संपत्ति जलकर राख, जांच में जुटी पुलिस
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जमशेदपुर : जमशेदपुर के एमजीएम थाना क्षेत्र अंतर्गत गजर्दी बालिगुमा बस्ती में रविवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब लकी प्रसाद के घर में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने घर के अंदर रखे सामान को अपनी चपेट में ले लिया और आसपास घना धुआं फैल गया। सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर जुट गए, लेकिन बस्ती की संकरी गलियों और भारी भीड़ के कारण अग्निशमन विभाग की गाड़ी समय पर घटनास्थल तक नहीं पहुंच सकी। इस बीच स्थानीय युवकों और बस्तीवासियों ने बाल्टी, पाइप और अन्य उपलब्ध संसाधनों की मदद से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। उनकी तत्परता से आग को आसपास के घरों तक फैलने से रोक लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
इसे भी पढ़ें : Jadugoda : बूटगोंडा में सजा जंगल मेला, जड़ी-बूटियों से उपचार की दी गई जानकारी
स्थानीय लोगों की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा
आग की इस घटना में घर में रखा टीवी, फ्रिज, बर्तन, कपड़े और अन्य घरेलू सामान जलकर राख हो गया। पीड़ित परिवार के अनुसार लगभग डेढ़ लाख रुपये का नुकसान हुआ है। घटना के बाद परिवार के सदस्य गहरे सदमे में हैं और फिलहाल खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हैं। आसपास के लोगों ने परिवार को अस्थायी मदद पहुंचाई है। आग लगने के कारणों का अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल सका है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और शॉर्ट सर्किट समेत अन्य संभावित कारणों की पड़ताल की जा रही है।























