- विधायक पूर्णिमा साहू ने कहा—यह पुल जमशेदपुर के भविष्य की मजबूत नींव साबित होगा
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जमशेदपुर : जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा क्षेत्र के समग्र और दीर्घकालिक विकास की दिशा में बुधवार को एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। भुईयांडीह के लाल भट्टा, बारा घाट स्थित स्वर्णरेखा नदी तट पर भुईयांडीह लिट्टी चौक से भिलाई पहाड़ी (एनएच-33) तक फोर लेन सड़क एवं स्वर्णरेखा नदी पर फोर लेन पुल निर्माण कार्य का विधायक पूर्णिमा साहू की उपस्थिति में विधिवत शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं क्षेत्रवासी मौजूद रहे। विधायक पूर्णिमा साहू ने वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच पूजन-अर्चना कर निर्माण कार्य की शुरुआत की और इसे क्षेत्र के विकास की दिशा में एक ऐतिहासिक उपलब्धि बताया।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : पथ निर्माण विभाग के अभियंताओं का पक्षपातपूर्ण रवैया निहायत ही गलत – सरयू राय
जमशेदपुर पूर्वी में आधारभूत संरचना को मिली नई गति
पथ निर्माण विभाग द्वारा क्रियान्वित इस महत्वाकांक्षी योजना की कुल स्वीकृत लागत ₹39,91,72,857.53 है, जिसे वित्तीय वर्ष 2024-25 के 11 SBD के अंतर्गत स्वीकृति मिली है। योजना के तहत 242 मीटर लंबे स्वर्णरेखा नदी पर फोर लेन पुल का निर्माण किया जाएगा, जबकि पुल के दोनों ओर 3.453 किलोमीटर लंबा फोर लेन पहुँच पथ विकसित किया जाएगा। इस प्रकार परियोजना की कुल लंबाई 3.695 किलोमीटर होगी। विभागीय अभियंताओं ने जानकारी दी कि परियोजना को 18 महीनों के भीतर पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया कि निर्माण कार्य के दौरान किसी भी आवास या संरचना को कोई नुकसान नहीं पहुंचाया जाएगा।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : डीडीसी ने धालभूमगढ़ प्रखंड में शिक्षण संस्थानों और विकास योजनाओं का किया भौतिक निरीक्षण
पथ निर्माण विभाग की बड़ी परियोजना को मिली हरी झंडी
विधायक पूर्णिमा साहू ने लोगों को आश्वस्त करते हुए कहा कि इस परियोजना से किसी को भयभीत होने की आवश्यकता नहीं है और नागरिकों की सुरक्षा एवं संपत्ति की रक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने कहा कि यह परियोजना पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास की दूरदर्शी सोच का परिणाम है, जिन्होंने अपने कार्यकाल में आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र से भारी वाहनों के सुगम आवागमन के लिए डोबो पुल और गोविंदपुर–धानचटाई मार्ग को राष्ट्रीय राजमार्ग से जोड़ा था। लिट्टी चौक से भिलाई पहाड़ी तक भारी वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग का प्रस्ताव भी उसी सोच का विस्तार है, जो आज साकार हो रहा है।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : डालसा सचिव धर्मेंद्र कुमार का तबादला, कुमार सौरभ त्रिपाठी होंगे डालसा के नये सचिव
रघुवर दास की परिकल्पना को मिला मूर्त रूप
विधायक पूर्णिमा साहू ने कहा कि फोर लेन पुल और सड़क के निर्माण से जमशेदपुर शहर के भीतर भारी वाहनों का दबाव कम होगा, जिससे यातायात व्यवस्था अधिक सुव्यवस्थित और सुरक्षित बनेगी। आम नागरिकों को जाम से राहत मिलेगी और समय की बचत होगी। उन्होंने विश्वास जताया कि परियोजना निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण होगी और इसके पूरा होने से जमशेदपुर की जनता को दीर्घकालिक लाभ प्राप्त होगा। उन्होंने यह भी बताया कि इस योजना को लेकर उन्होंने विधानसभा सत्र में मजबूती से आवाज उठाई थी तथा पथ निर्माण विभाग के सचिव से लगातार संपर्क में रहकर प्रत्येक चरण की प्रगति की निगरानी स्वयं करती रही हैं। कार्यक्रम में विधायक प्रतिनिधि गुंजन यादव, कल्याणी शरण, पवन अग्रवाल, अप्पा राव, रंजीत सिंह, पप्पू उपाध्याय, कुमार अभिषेक, विकास शर्मा, रितेश झा, युवराज सिंह, बापन बनर्जी, सुशांत पांडा, संतोष ठाकुर, सुरेश शर्मा, मिथिलेश साव, धनराज गुप्ता, लोहा यादव, उमेश साव, कंचन दत्ता, रमेश नाग, रमेश विश्वकर्मा, बोलटू सरकार, महावीर सिंह सहित पथ निर्माण विभाग के अभियंता एवं संवेदक के कर्मचारी उपस्थित रहे।
























