- बिष्टुपुर थाना क्षेत्र में डिवाइडर से टकराया ट्रेलर, केबिन हुआ क्षतिग्रस्त
- तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह, मौके पर ही चालक की गई जान
- पुलिस ने शव को केबिन से निकाला, जांच में जुटी टीम
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जमशेदपुर के बिष्टुपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत मरीन ड्राइव गोलचक्कर के पास मंगलवार तड़के करीब तीन बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। रूंगटा माइंस से जपला (डाल्टनगंज) की ओर लोहे की पाइप लादकर जा रहा एक ट्रेलर अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रेलर का केबिन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक उसमें बुरी तरह फंस गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और कुछ देर के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ। मृतक की पहचान ट्रेलर चालक सुमन कुमार के रूप में की गई है, जिसकी मौके पर ही मौत हो गई।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : एनएच-33 पर मूकबधिर युवती से दुष्कर्म का आरोप, आरोपी गिरफ्तार
डिवाइडर से टकराने के बाद मचा हड़कंप
घटना की सूचना मिलते ही बिष्टुपुर थाना पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद चालक के शव को क्षतिग्रस्त केबिन से बाहर निकाला गया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया हादसे का कारण तेज रफ्तार या चालक को झपकी आना माना जा रहा है। हालांकि, पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है ताकि दुर्घटना के सटीक कारणों का पता लगाया जा सके। पुलिस ने क्षतिग्रस्त ट्रेलर को सड़क से हटाकर यातायात को सामान्य कराया।


























