- उलीडीह ओपी क्षेत्र में तड़के चार बजे हुई टक्कर, चालक फरार
- सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच में जुटी पुलिस
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जमशेदपुर : उलीडीह ओपी क्षेत्र अंतर्गत एनएच-33 पर रविवार तड़के एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया। सुबह करीब चार बजे तेज रफ्तार कार ने आगे चल रहे भारत पेट्रोलियम के टैंकर को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार टैंकर के पिछले हिस्से में बुरी तरह फंस गई और पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। आश्चर्य की बात यह रही कि टैंकर चालक को इस जोरदार टक्कर का अहसास तक नहीं हुआ और वह कार को करीब दो किलोमीटर तक घसीटता हुआ डिमना चौक तक ले गया। वहां स्थानीय लोगों ने चालक को वाहन के पीछे कार फंसे होने की सूचना दी। इसके बाद चालक टैंकर को मौके पर छोड़कर फरार हो गया।
इसे भी पढ़ें : Jadugoda : राष्ट्रीय विज्ञान दिवस पर जादूगोड़ा में विज्ञान प्रदर्शनी, सीवी रमन को श्रद्धांजलि
डिमना चौक पर लोगों ने दी चालक को हादसे की सूचना
घटना की जानकारी मिलते ही उलीडीह ओपी प्रभारी शारिक अली पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। मौके पर केवल दुर्घटनाग्रस्त वाहन मिले, जबकि कार में सवार लोगों के बारे में स्पष्ट जानकारी नहीं मिल सकी है। यह भी स्पष्ट नहीं हो पाया है कि घायल किस अस्पताल में भर्ती हैं। पुलिस ने टैंकर और क्षतिग्रस्त कार को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। सीसीटीवी फुटेज और वाहन नंबर के आधार पर घायलों तथा फरार टैंकर चालक की पहचान की जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सुबह के समय भारी वाहनों की तेज रफ्तार के कारण इस मार्ग पर अक्सर हादसे होते रहते हैं, जिससे क्षेत्र में दहशत का माहौल है।























