- 6.14 करोड़ की 54 योजनाओं का शिलान्यास, डोर-टू-डोर कचरा उठाव के लिए 25 ऑटो टिपर रवाना
- स्वच्छ, सुंदर और आत्मनिर्भर मानगो बनाने का संकल्प
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जमशेदपुर : जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने कहा कि मानगो नगर निगम में जब इलेक्टेड बॉडी का गठन होगा, तब यहां विकास कार्यों के लिए कहीं अधिक फंड उपलब्ध होगा और क्षेत्र का समग्र विकास तेज गति से होगा। वे सोमवार को मानगो नगर निगम कार्यालय परिसर में नगर विकास विभाग के मद से 6 करोड़ 14 लाख से अधिक की लागत से बनने वाली 54 योजनाओं के संयुक्त शिलान्यास समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो भी मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान 15वें वित्त आयोग के मद से 3 करोड़ 95 लाख रुपये की लागत से खरीदी गई 25 ऑटो टिपर गाड़ियों को डोर-टू-डोर कचरा उठाव के लिए हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।
इसे भी पढ़ें : Adityapur : NIT जमशेदपुर दीक्षांत के बाद राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने दिखाई सादगी, जनता से मिलकर जीता दिल
मानगो नगर निगम में बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम
अपने संबोधन में विधायक सरयू राय ने कहा कि पहले मानगो अधिसूचित क्षेत्र समिति हुआ करता था, जिसके कारण यहां विकास कार्यों के लिए सीमित फंड ही मिल पाता था। मानगो को नगर निगम का दर्जा दिलाने के लिए उन्होंने जनता और कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर लंबा संघर्ष किया। कई आंदोलन हुए, तब जाकर मानगो अक्षेस को नगर निगम का स्वरूप मिला। उन्होंने कहा कि अब जब नगर निगम पूरी तरह से इलेक्टेड बॉडी के साथ काम करेगा, तो केंद्र और राज्य सरकार से ज्यादा संसाधन मिलेंगे। श्री राय ने बताया कि कई बड़ी योजनाएं सरकार के पास स्वीकृति के लिए भेजी गई हैं और मंजूरी मिलते ही उन पर काम शुरू कर दिया जाएगा। उन्होंने एनएच-33 पर फ्लाईओवर निर्माण का उल्लेख करते हुए कहा कि यह भी जनआंदोलन और लंबी कानूनी लड़ाई के बाद संभव हो पाया है।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : नए साल पर जमशेदपुर में नो एंट्री लागू, भारी वाहनों पर लगेगी रोक
आंदोलन से मिली विकास की सौगात, एनएच-33 फ्लाईओवर बना उदाहरण
सरयू राय ने कहा कि मानगो के नागरिकों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता रही है। पहले क्षेत्र में पेयजल की गंभीर समस्या थी, जिसके समाधान के लिए लगातार संघर्ष किया गया और घर-घर पानी आपूर्ति की व्यवस्था शुरू करवाई गई। उन्होंने कहा कि कुछ बस्तियों में अभी भी पानी नहीं पहुंच पा रहा है, लेकिन बालीगुमा जलमीनार के शुरू होते ही अगले मई-जून से पहले हर घर में पर्याप्त पेयजल उपलब्ध हो सकेगा। बिजली व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए मानगो में सब-स्टेशन की स्थापना और अलग कार्यपालक अभियंता कार्यालय खुलवाया गया, ताकि लोगों को करनडीह न जाना पड़े। उन्होंने कहा कि उनकी प्राथमिकता मानगो को स्वच्छ, सुंदर और रोशनी से भरपूर बनाना है। डोर-टू-डोर कचरा उठाव पूरी तरह लागू होने पर मानगो की तुलना टाटा कमांड क्षेत्र से की जा सकेगी। उन्होंने नागरिकों से किसी भी समस्या के लिए व्हाट्सएप नंबर 8877537777 पर संपर्क करने की अपील की।


























