- जमशेदपुर में पांच घाटों पर श्रद्धा और संकल्प के साथ मनाया गया 21वां स्वर्णरेखा महोत्सव
- नदियों को गंदा करना ही सबसे बड़ी समस्या : सरयू राय
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जमशेदपुर : जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने कहा कि नदियों का संरक्षण अब विकल्प नहीं बल्कि हमारी सामूहिक जिम्मेदारी बन चुका है। यदि समय रहते नदियों को नहीं बचाया गया तो आने वाली पीढ़ियों को इसकी भारी कीमत चुकानी पड़ेगी। वे दोमुहानी घाट पर आयोजित 21वें स्वर्णरेखा महोत्सव के अवसर पर नदी पूजन कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि नदियां स्वाभाविक रूप से हर मानसून में खुद को साफ कर लेती हैं, बशर्ते हम उन्हें गंदा न करें। पहले हम नदियों में कचरा, गंदा पानी और अपशिष्ट डालते हैं और फिर उन्हें साफ करने के लिए सैकड़ों करोड़ रुपये खर्च करते हैं, जो पूरी तरह अव्यावहारिक है। यदि गंदगी फैलाना ही बंद कर दिया जाए तो सफाई की जरूरत ही नहीं पड़ेगी।
इसे भी पढ़ें : Potka : पोटका में भीषण सड़क हादसा, तेज रफ्तार कार बिजली पोल से टकराई, युवक की मौत
दोमुहानी घाट पर किया विधिवत पूजन, विद्वानों ने कराया संकल्प
कार्यक्रम की शुरुआत प्रकांड विद्वान विनोद पांडेय द्वारा स्वर्णरेखा और खरकई नदी के संगम पर विधिवत नदी पूजन से हुई। उन्होंने शांति पाठ के साथ उपस्थित लोगों को नदियों की स्वच्छता और संरक्षण का संकल्प दिलाया। यजमान के रूप में विधायक सरयू राय और मानव केडिया शामिल हुए। पूजन कार्य में घनश्याम मिश्रा ने सहयोग किया। इस अवसर पर सुबोध श्रीवास्तव, अजय कुमार, कुलविंदर सिंह पन्नू, मंजू सिंह, प्रेम सक्सेना, विकास साहनी, विकास कुमार, विनोद सिंह, अर्जुन यादव, प्रवीण सिंह, चुन्नू भूमिज, शमशाद खान, संतोष भगत, तारक मुखर्जी, शंकर कर्मकार, राकेश कुमार सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक और श्रद्धालु उपस्थित थे।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : सिदगोड़ा में अज्ञात वाहन की टक्कर से बिजली का खंभा टूटा, दुकान पर गिरा पोल
पांच घाटों पर एक साथ हुआ आयोजन, उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
स्वर्णरेखा महोत्सव के 21वें वर्ष के अवसर पर इस बार जमशेदपुर के पांच प्रमुख घाटों पर नदी पूजन का आयोजन किया गया। इनमें दोमुहानी घाट (सोनारी), गांधी घाट (मानगो), भोजपुर घाट (बारीडीह), पांडेय घाट (भुईंयाडीह) और बोधनवाला घाट (बिष्टुपुर) शामिल हैं। प्रत्येक घाट पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली। बिष्टुपुर स्थित बोधनवाला घाट पर खरकई स्वर्णरेखा संरक्षण समिति के तत्वावधान में मंत्रोच्चार के बीच खरकई नदी का पूजन किया गया। यहां मुख्य अतिथि के रूप में टाटा स्टील के कॉरपोरेशन कम्युनिकेशन हेड राजेश राजन उपस्थित थे।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : टेल्को थाना क्षेत्र में युवक की गला रेतकर हत्या, शव मिलने से इलाके में सनसनी
गांधी घाट, पांडेय घाट और भोजपुर घाट पर भी हुआ विधिवत पूजन
बिष्टुपुर कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में भाजपा बिष्टुपुर मंडल अध्यक्ष मारुति पांडेय, विश्व हिंदू परिषद गौरक्षा झारखंड प्रांत अध्यक्ष सुजीत साहू, महानगर उपाध्यक्ष गोपी राव, विभाग प्रमुख रत्नेश सिंह समेत कई सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे। वहीं पांडेय घाट, गांधी घाट और भोजपुर घाट पर भी पंडितों द्वारा विधि-विधान से नदी पूजन संपन्न कराया गया। इन घाटों पर अर्जुन यादव, विजय सिंह, दिलीप प्रजापति, किशोर सिंह, प्रवीण सिंह, मनोज गुप्ता, आकाश शाह, राकेश कुमार, अशोक कुमार, गीता कुंडू सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने भाग लेकर नदियों की स्वच्छता और संरक्षण का संकल्प लिया।
























