- स्थानीय लोगों की तत्परता और समय पर रेस्क्यू से बड़ी दुर्घटना टली
- नाले पर ढक्कन लगाने की उठी मांग, निगम से तत्काल कार्रवाई की अपील
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जमशेदपुर के मानगो डिमना रोड स्थित बड़े नाले में रविवार रात एक बड़ा हादसा टल गया। शिव मंदिर लाइन का 10 वर्षीय राजू रजवाड़ा नाले के ढक्कन नहीं होने के कारण किनारे से गुजरते समय अचानक नाले में गिर गया। घटना रात लगभग आठ बजे की है। बच्चा गिरते ही स्थानीय लोगों ने तुरंत झामुमो नेता उज्ज्वल दास को फोन कर घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही उज्ज्वल दास अपने कार्यकर्ताओं के साथ मौके पर पहुंचे और त्वरित रेस्क्यू कर बच्चे को सुरक्षित बाहर निकाला। बच्चे को सकुशल देखकर स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली और उज्ज्वल दास के प्रति आभार व्यक्त किया।
इसे भी पढ़ें : Seraikela : दलमा अभ्यारण्य में प्रस्तावित पर्यटन परियोजनाओं पर विवाद तेज, ग्राम सभाओं की अनदेखी से उग्र हुए स्थानीय आदिवासी समुदाय
स्थानीयों की सूझबूझ और त्वरित सूचना से बची मासूम की जान
घटना के बाद झामुमो नेता उज्ज्वल दास ने मानगो नगर निगम के पदाधिकारियों से बड़े नाले पर ढक्कन लगाने की मांग की, ताकि भविष्य में ऐसी दुर्घटनाएं न हों। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर नगर निगम को तुरंत कार्रवाई करनी चाहिए। मौके पर मौजूद मकसूद अंसारी, सूरज गौड़, आकाश महतो, विवेक पाठक, अर्जुन कुमार, अनिल पॉल और सूरज मुखर्जी ने भी निगम से नाले को ढकने की व्यवस्था करने की अपील की। लोगों का कहना है कि नाले के खुले रहने से राहगीरों की सुरक्षा खतरे में रहती है और किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है।
























