- चोरी, छिनतई और नशाखोरी पर रोक लगाने की उठी मांग
- अपराध से दहशत में शहरवासी, सुरक्षा पर जताई चिंता
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जमशेदपुर : जमशेदपुर के विभिन्न क्षेत्रों में बढ़ती चोरी, छिनतई और अड्डेबाजी की घटनाओं पर रोक लगाने की मांग को लेकर गुरुवार को जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) का एक प्रतिनिधिमंडल एसएसपी से मिला और उन्हें ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने एसएसपी को अवगत कराया कि बीते कुछ समय से शहर के कई इलाकों में आपराधिक गतिविधियों में लगातार वृद्धि हो रही है। चोरी, नशाखोरी और असामाजिक तत्वों की सक्रियता के कारण आम नागरिकों, व्यापारियों, महिलाओं और युवाओं में भय व असुरक्षा का माहौल बन गया है। शाम होते ही कई इलाकों में असामाजिक तत्व सक्रिय हो जाते हैं, जिससे कानून-व्यवस्था की स्थिति प्रभावित हो रही है।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : कपाली पुलिस को बड़ी कामयाबी, चोरी की दो बाइक के साथ युवक गिरफ्तार
पुलिस गश्ती बढ़ाने और विशेष अभियान चलाने की मांग
प्रतिनिधिमंडल ने संवेदनशील इलाकों में पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाने, असामाजिक तत्वों के ठिकानों पर नियमित छापेमारी करने, नशाखोरी के खिलाफ विशेष अभियान चलाने तथा सीसीटीवी निगरानी और चौक-चौराहों पर सक्रिय पुलिस व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की। जेडीयू नेताओं ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र विचार नहीं किया गया तो पार्टी आंदोलन के लिए बाध्य होगी। ज्ञापन सौंपने के दौरान जिलाध्यक्ष सुबोध श्रीवास्त, महानगर अध्यक्ष अजय कुमार, ममता सिंह, प्रकाश कोय, गणेश, ताजू गौड़, दीपक गौड़, विकास साहनी, राजेश प्रसाद, बी सिंह, बी कुमार, दिनेश सिंह, पूजा, देवगन, अमरिता, अतुल सिंह, सपना, भरत पांडे, विकास कुमार, केकेके शर्मा, कन्हैया झा, राज किशोर, डीके प्रजापति, रिना, उषा यादव समेत कई अन्य सदस्य उपस्थित थे।
























