- छह महीने बाद अचानक खुली दुकान, महिला ग्राहकों ने किया हंगामा
- अचानक दुकान खुलने से बढ़ा शक
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जमशेदपुर : आजादनगर थाना क्षेत्र के ओल्ड पुरुलिया रोड स्थित वर्षा ज्वैलरी दुकान से जुड़ा एक मामला शुक्रवार को सामने आया, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों के अनुसार वर्षा ज्वैलरी पिछले करीब छह महीनों से बंद पड़ी थी। शुक्रवार को अचानक दुकान खुली तो आसपास के लोगों का ध्यान उस ओर गया। लोगों का आरोप है कि दुकान संचालक अंदर से सामान खाली करने में जुटा हुआ था और जल्दबाजी में दुकान समेटने की कोशिश कर रहा था। इस दौरान दुकान के बाहर भीड़ जमा होने लगी, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : नेताजी सुभाष चंद्र बोस की 129वीं जयंती पर कदमा में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित
महिलाओं ने गहने लौटाने की मांग की

इसी बीच कुछ महिला ग्राहक दुकान पर पहुंचीं और अपने-अपने सोने के गहने लौटाने की मांग करने लगीं। महिलाओं का कहना है कि उन्होंने कुछ महीने पहले दुकान पर अपने गहने मरम्मत और ठीक कराने के लिए दिए थे। इसके बाद अचानक दुकान बंद हो गई और लंबे समय तक दुकानदार से कोई संपर्क नहीं हो पाया। महिलाओं का आरोप है कि जब उन्हें जानकारी मिली कि दुकान संचालक चुपचाप दुकान खाली कर रहा है, तो वे तुरंत मौके पर पहुंचीं। आरोप है कि दुकानदार ने उनके गहने लौटाने से साफ इनकार कर दिया, जिससे विवाद और बढ़ गया और हंगामे की स्थिति बन गई।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : जमशेदपुर व्यवहार न्यायालय परिसर में बसंत पंचमी पर सरस्वती पूजा और नेताजी जयंती का भव्य आयोजन
पुलिस जांच में जुटी, दुकानदार से पूछताछ शुरू
वहीं दुकान संचालक ने सभी आरोपों को बेबुनियाद बताया है। उसका कहना है कि उसने पहले ही अपने सभी ग्राहकों के गहने लौटा दिए हैं और किसी का भी जेवर उसके पास नहीं है। उसने महिलाओं के आरोपों को निराधार करार दिया है। मामले की सूचना मिलते ही आजादनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने दुकान संचालक को पूछताछ के लिए थाना ले जाया है। थाना प्रभारी के अनुसार मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। ग्राहकों द्वारा दिखाए गए दावों, रसीदों और अन्य दस्तावेजों की भी जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि मामला ठगी से जुड़ा है या आपसी विवाद का। फिलहाल घटना को लेकर इलाके में चर्चा का माहौल बना हुआ है।
























