- गश्ती के दौरान सूचना पर कार्रवाई, वाहन चोर गिरोह पर कसा शिकंजा
- स्थानीय लोगों की मदद से आरोपी रंगेहाथ पकड़ा गया
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जमशेदपुर : कपाली ओपी प्रभारी धीरंजन कुमार के नेतृत्व में कपाली पुलिस को चोरी के मामलों में बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने चोरी की दो मोटरसाइकिल के साथ एक युवक को गिरफ्तार कर वाहन चोर गिरोह के खिलाफ अहम कार्रवाई की है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान जमशेदपुर के मानगो निवासी जुनैद फिरोज (उम्र लगभग 25 वर्ष) के रूप में हुई है। कपाली ओपी प्रभारी ने बताया कि नियमित गश्ती के दौरान पुलिस को सूचना मिली थी कि कपाली ओपी क्षेत्र के हिम्मतनगर तैलंगी तालाब के पास एक युवक घर में घुसकर चोरी का प्रयास कर रहा है। सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने सतर्कता दिखाते हुए आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया और पुलिस को इसकी जानकारी दी।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : कपाली में अवैध हथियार के साथ युवक गिरफ्तार, पुलिस की सख्त कार्रवाई से मचा हड़कंप
पूछताछ में चोरी की घटनाओं का खुलासा, साथी की तलाश जारी
सूचना पर तुरंत कार्रवाई करते हुए कपाली ओपी पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर ओपी लाई गई। पुलिस पूछताछ के दौरान आरोपी ने स्वीकार किया कि वह अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर कपाली और आसपास के इलाकों में मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं को अंजाम देता था। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी की दो मोटरसाइकिल बरामद की है। वहीं, उसका एक साथी मौके से फरार हो गया, जिसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपी को भी जल्द गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जाएगा। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में सक्रिय वाहन चोरों में हड़कंप मचा हुआ है, वहीं स्थानीय लोगों ने कपाली पुलिस की तत्परता की सराहना की है।
























