- पीएस रोड स्थित क्वार्टर में सुनसान का फायदा उठाकर चोरों ने दिया वारदात को अंजाम
- सुनसान क्वार्टर को बनाया निशाना
जेबी लाइव, रिपोर्टर
बर्मामाइंस थाना क्षेत्र के पीएस रोड स्थित टाटा स्टील के क्वार्टर नंबर 56 में चोरों ने बड़ी चोरी की घटना को अंजाम दिया। मंगलवार की शाम करीब सात से आठ बजे के बीच हुई इस वारदात में चोर पीछे की ओर से दीवार फांदकर क्वार्टर के भीतर दाखिल हुए। इसके बाद उन्होंने ग्रील का ताला तोड़कर सीधे अलमीरा को निशाना बनाया। अलमीरा में रखे सोने-चांदी के जेवरात और नकदी पर चोरों ने हाथ साफ कर दिया। बताया जा रहा है कि चोरी इतनी सफाई से की गई कि आसपास के लोगों को इसकी भनक तक नहीं लगी।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : न्यू उलीडीह में ब्राउन शुगर तस्करी का भंडाफोड़
टीवी देखने गई थीं घर की महिलाएं
जानकारी के अनुसार, उक्त क्वार्टर टाटा स्टीलकर्मी रामचंद्र दास का है, जो वर्तमान में कदमा क्षेत्र में अपने परिवार के साथ रहते हैं। बर्मामाइंस स्थित क्वार्टर में उनके पिता और फुआ रहती थीं। मंगलवार की शाम दोनों ताला बंद कर पास ही स्थित क्वार्टर नंबर 54 में रामचंद्र दास के छोटे बेटे हेमंत दास के घर टीवी देखने चली गई थीं। इसी दौरान खाली पड़े क्वार्टर को चोरों ने निशाना बनाया। चोरों ने अलमीरा से करीब साढ़े तीन लाख रुपये मूल्य के जेवरात और 12 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए और आराम से फरार हो गए।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : जमशेदपुर में डेकोस्टा रोड चोरी का खुलासा, चार अपराधी गिरफ्तार
पुलिस जांच में जुटी, सीसीटीवी खंगाले जा रहे
रात में जब पिता और फुआ वापस लौटीं तो टूटा हुआ ग्रील का ताला और खुली अलमीरा देखकर उनके होश उड़ गए। तत्काल इसकी सूचना परिजनों को दी गई, जिसके बाद बर्मामाइंस थाना पुलिस को मामले से अवगत कराया गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है और इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही चोरों की पहचान कर मामले का खुलासा किया जाएगा। घटना के बाद से इलाके में दहशत का माहौल है और लोग सुरक्षा को लेकर चिंतित नजर आ रहे हैं।
























