- सोलर लाइट के पाइप के सहारे मंदिर में घुसा युवक, सीसीटीवी में कैद हुई पूरी वारदात
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जमशेदपुर : साकची थाना क्षेत्र स्थित शीतला मंदिर साकची में रविवार देर रात चोरी की घटना सामने आई। जानकारी के अनुसार मंदिर की दान पेटी तोड़कर करीब 4 हजार रुपये की चोरी कर ली गई। घटना के बाद मंदिर परिसर में हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि हासिम नामक युवक, जो 9 नंबर ओल्ड पुरुलिया रोड का निवासी है, देर रात करीब 10 बजे सोलर लाइट के पाइप के सहारे मंदिर परिसर में चढ़ गया और चोरी की वारदात को अंजाम दिया। आरोपी साकची मोहदान लाइन स्थित एक फूल दुकान में काम करता है। बताया जाता है कि वह पहले भी मंदिर से चांदी का मुकुट चोरी कर चुका है। इस बार उसने दान पेटी को निशाना बनाते हुए उसमें रखी करीब 4 हजार रुपये की राशि निकाल ली।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : खालसा स्कूल के बाहर मासूम की मौत पर परिजनों का प्रदर्शन, आरोपी चालक की गिरफ्तारी की मांग
स्थानीय लोगों ने आरोपी को पकड़कर पुलिस को सौंपा
घटना मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिससे आरोपी की पहचान आसान हो गई। वहीं चोरी के दौरान आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। स्थानीय लोगों ने युवक को पकड़ लिया और तुरंत पुलिस को सूचना दी। इसके बाद आरोपी को साकची थाना पुलिस के हवाले कर दिया गया। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपी ने पहले हुई चोरी की घटनाओं में भी उसकी भूमिका रही है या नहीं।























