- यातायात पुलिस पर गलत दिशा-निर्देश और अवैध वसूली का आरोप, स्टेशन रोड पर लगा लंबा जाम
- टाटानगर में बढ़ती जाम की समस्या से लोग परेशान
जेबी लाइव, रिपोर्टर
टाटानगर रेलवे स्टेशन रोड पर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब बांस से लदी एक पिकअप वैन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने गहरे गड्ढे में जा गिरी। यह घटना उस वक्त हुई जब पिकअप वैन रेलवे स्टेशन की ओर जा रही थी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यातायात पुलिस द्वारा दिए गए कथित गलत दिशा-निर्देश के कारण चालक ने संतुलन खो दिया और वाहन सीधे गड्ढे में जा समाया। हादसे के बाद पिकअप में लदा बांस सड़क पर बिखर गया, जिससे स्टेशन रोड पर यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। देखते ही देखते सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और रेलवे स्टेशन जाने वाले यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
इसे भी पढ़ें : Seraikela : बाल विवाह पर सख्ती की तैयारी : सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों पर सरायकेला-खरसावां में व्यापक मंथन
स्टेशन रोड पर यातायात व्यवस्था की फिर खुली पोल
हालांकि इस दुर्घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, जो राहत की बात रही। पिकअप चालक ने यातायात पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उस पर बार-बार रास्ता बदलने का दबाव बनाया जा रहा था और अवैध रूप से पैसों की मांग भी की गई। चालक के अनुसार मानसिक दबाव और जल्दबाजी के चलते यह हादसा हुआ। वहीं इस पूरे मामले पर यातायात पुलिस की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। घटना के बाद कुछ समय तक स्टेशन रोड पर भीषण जाम की स्थिति बनी रही। कई यात्री अपने सामान के साथ पैदल ही रेलवे स्टेशन की ओर जाते नजर आए, जबकि ऑटो चालकों और निजी वाहन चालकों को भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
























