- लाइन बंद करना भूले अधिकारी, वोल्टास कंपनी के कार्य में दिखी सुरक्षा मानकों की अनदेखी
- मुआवजे और सख्त कार्रवाई की उठी मांग
जेबी लाइव, रिपोर्टर
मानगो में गुरुवार दोपहर बिजली विभाग की लापरवाही के कारण बड़ा हादसा हो गया। पूरे आजादनगर क्षेत्र में केबल बिछाने का काम चल रहा है, जिसकी जिम्मेदारी बिजली विभाग ने वोल्टास कंपनी को दी है। इसी क्रम में मानगो गांधी मैदान के सामने स्थित 11 केवी ट्रांसफार्मर पर कार्य किया जा रहा था। जानकारी के अनुसार, इस ट्रांसफार्मर पर 11 केवी की लाइन आजादनगर और कुंवर बस्ती—दोनों तरफ से आती है। कार्य शुरू करने से पहले बिजली विभाग ने केवल आजादनगर की लाइन बंद की, जबकि कुंवर बस्ती की लाइन सक्रिय ही रह गई। इसी लापरवाही के कारण भीषण हादसा हुआ और मजदूर करंट की चपेट में आ गया।
इसे भी पढ़ें : Seraikela : ईचागढ़ में दर्दनाक सड़क हादसा : ट्रैक्टर पलटने से तीन बच्चों के पिता ठाकुर मांझी की मौत
गलत लाइन बंद करने की भूल ने बढ़ाया खतरा
काम के दौरान बिहार के समस्तीपुर निवासी मजदूर राजू सैनी अचानक करंट की चपेट में आ गया और जोरदार धमाके के साथ बुरी तरह से झुलस गया। मौके पर मौजूद कर्मियों ने तुरंत उसे मानगो गुरु नानक अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जूनियर इंजीनियर और संबंधित अधिकारियों को यह पूरी जानकारी होनी चाहिए कि किस फीडर की लाइन किस दिशा से आती है, लेकिन उनकी लापरवाही ने मजदूर की जान जोखिम में डाल दी। यह घटना बिजली विभाग और वोल्टास कंपनी दोनों की गंभीर सुरक्षा चूक को उजागर करती है।
इसे भी पढ़ें : Baharagoda : मुटुरखाम पुलिया की टूटी रेलिंग से बढ़ा खतरा, किसी भी समय हो सकती है बड़ी दुर्घटना
अस्पताल में भर्ती, मजदूर की जिंदगी बचाने की जद्दोजहद जारी
घटना के बाद स्थानीय लोगों और सामाजिक कार्यकर्ताओं में रोष है। उनका कहना है कि विभाग की एक गलती ने चार छोटे बच्चों के पिता की जिंदगी पर संकट खड़ा कर दिया। यदि मजदूर चोट के कारण आगे काम करने में असमर्थ हो जाता है, तो उसके परिवार की जिम्मेदारी कौन लेगा? ऐसे में वोल्टास कंपनी और बिजली विभाग से मांग की जा रही है कि घायल मजदूर को उचित मुआवजा दिया जाए, ताकि उसका परिवार आर्थिक तंगी से बच सके। भविष्य में ऐसी दुर्घटनाओं को रोकने के लिए जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई और सुरक्षा नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करना बेहद जरूरी है।
























