- गुप्त सूचना पर छापेमारी, बड़ी वारदात की साजिश नाकाम, मुखियाडांगा में छापेमारी से खुलासा
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जमशेदपुर पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर एमजीएम थाना क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए एक स्वचालित देसी पिस्तौल के साथ नाबालिग सहित दो अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस से मिली आधिकारिक जानकारी के अनुसार शनिवार को वरीय पुलिस अधीक्षक को सूचना मिली थी कि मुखियाडांगा इलाके में एक व्यक्ति अपने घर में अवैध आग्नेयास्त्र छुपाकर किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहा है। इसके बाद एसएसपी के निर्देश पर एमजीएम थाना प्रभारी के नेतृत्व में विशेष छापामार दल का गठन किया गया, जिसने बताए गए घर पर छापा मारा। छापेमारी के दौरान एक नाबालिग और अनिक कुमार सिंह नामक युवक को हिरासत में लिया गया।
इसे भी पढ़ें : Gua : रामलीला मैदान की महारैली में सोनाराम सिंकु ने बुलंद की लोकतंत्र की आवाज
बिहार से लाई गई पिस्तौल, सोशल मीडिया पर दिखावा

पुलिस जांच में अनिक कुमार सिंह के पास से एक स्वचालित देसी पिस्तौल बरामद की गई। इसके साथ ही एक रेडमी और एक सैमसंग गैलेक्सी मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। पूछताछ में अनिक ने स्वीकार किया कि वह पिस्तौल बिहार से लेकर आया था और अपने नाबालिग साथी के साथ सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर पिस्तौल के साथ फोटो साझा करता था। उसने यह भी बताया कि वह पिस्तौल को अपने घर के पीछे जमीन में छिपाकर रखता था। पुलिस ने अनिक की स्वीकारोक्ति के आधार पर मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। नाबालिग को बाल न्याय अधिनियम के तहत आगे की कार्रवाई के लिए प्रस्तुत किया गया है।
























