- आजादनगर थाना कांड संख्या 86125 में न्यायालय के वारंट पर हुई गिरफ्तारी
- लॉकर चोरी मामलों में पुलिस की सख्त निगरानी
जेबी लाइव, रिपोर्टर
आजादनगर थाना कांड संख्या–86125 में बैंक लॉकर से करीब 30 लाख रुपये मूल्य के सोने की चोरी के मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। इस मामले में माननीय न्यायालय, जमशेदपुर से प्राप्त वारंट के आधार पर पुलिस ने अप्राथमिकी अभियुक्त शत्रुधन कुमार चौधरी को विधिवत गिरफ्तार कर लिया है। इस कांड के वादी मोहम्मद अजहरुद्दीन, पिता मोहिउद्दीन हैं, जो वर्तमान में बैंक ऑफ बड़ौदा, जाकिर नगर शाखा, जमशेदपुर में शाखा प्रबंधक के पद पर कार्यरत हैं। वादी द्वारा दिए गए लिखित आवेदन के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की थी। जांच के दौरान बैंक लॉकर से कीमती सोने की चोरी की पुष्टि हुई, जिसके बाद पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए साक्ष्य संकलन की प्रक्रिया तेज की गई।
इसे भी पढ़ें : Gua : नक्सल प्रभावित लिपुंगा गांव में सहचरी ग्रुप की पहल, बच्चों के बीच शिक्षा सामग्री व भोजन वितरण
बैंकिंग सुरक्षा में चूक पर उठे सवाल
पुलिस जांच में तकनीकी और दस्तावेजी साक्ष्यों के आधार पर अभियुक्त शत्रुधन कुमार चौधरी की संलिप्तता प्रमाणित होने के बाद न्यायालय से वारंट प्राप्त कर उसकी गिरफ्तारी की गई। गिरफ्तार अभियुक्त की उम्र करीब 38 वर्ष बताई जा रही है। उसके पिता का नाम यदुनन्दन चौधरी है। अभियुक्त का वर्तमान पता मानगो थाना क्षेत्र स्थित गणेश गया दत्त अपार्टमेंट, बी-ब्लॉक बताया गया है, जबकि उसका स्थायी पता बोधीबीघा, थाना चंडी, जिला नालंदा, बिहार है। पुलिस के अनुसार, आरोपी से गहन पूछताछ की जा रही है और चोरी गए सोने की बरामदगी के लिए आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इस वारदात में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका तो नहीं रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि पूरे मामले में निष्पक्ष और सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
























