- नाबालिग के साथ मिलकर दिया वारदात को अंजाम, पुलिस ने सामान किया बरामद
- छिनतई की घटनाओं पर लगाम कसने में जुटी पुलिस
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जमशेदपुर : मानगो आजादनगर थाना क्षेत्र में महिला से मोबाइल समेत बैग की छिनतई करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान आजादनगर के केजीएन कॉलोनी रोड नंबर-2 निवासी मोहम्मद फरहान उर्फ शब्बान के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके साथ एक नाबालिग को भी पकड़ा है, जो उसके साथ मिलकर छिनतई की घटनाओं को अंजाम देता था। गिरफ्तार आरोपी के पास से एक मोटरोला मोबाइल फोन, आधार कार्ड, पैन कार्ड, वोटर कार्ड, तीन हजार रुपये नकद और एक मोटरसाइकिल जब्त की गई है।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : मानगो नगर निगम चुनाव में जाति प्रमाण पत्र बना बड़ी बाधा, जदयू ने की अहम बैठक
पुलिस के अनुसार 21 जनवरी को मुमताज शाहीन नामक महिला कुली रोड के रास्ते पढ़ाने जा रही थीं। इसी दौरान मोटरसाइकिल पर सवार दो अज्ञात अपराधियों ने झपट्टा मारकर उनका पर्स छीन लिया था। पर्स में पांच हजार रुपये नकद, मोबाइल फोन, आधार कार्ड और वोटर कार्ड मौजूद थे। घटना के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर छापामारी अभियान चलाया और आरोपी को गिरफ्तार किया। पुलिस का कहना है कि अपराधियों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।


























