- बकाया कमीशन के त्वरित भुगतान की मांग
- ग्रीन कार्ड, चना दाल और नमक वितरण का कमीशन महीनों से लंबित, दुकानदार आर्थिक संकट में
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू ने मंगलवार को झारखंड विधानसभा में जनवितरण प्रणाली (पीडीएस) दुकानदारों की गंभीर समस्याओं को जोरदार ढंग से उठाया। उन्होंने बताया कि जमशेदपुर के पीडीएस दुकानदार लंबे समय से अपने कमीशन के भुगतान का इंतजार कर रहे हैं, जिसके कारण उन्हें आर्थिक संकट का सामना करना पड़ रहा है। पूर्णिमा साहू ने सदन को जानकारी दी कि ग्रीन कार्ड का कमीशन दिसंबर 2023 से जुलाई 2025 तक लंबित है, जबकि चना दाल और नमक का कमीशन अप्रैल 2024 से अब तक भुगतान नहीं किया गया है।
इसे भी पढ़ें : Gua : त्रिपक्षीय वार्ता सफल: संयुक्त यूनियन ने आंदोलन खत्म किया, मजदूर लौटे काम पर
विधायक ने सरकार से आग्रह किया कि सभी बकाया कमीशन का तत्काल भुगतान सुनिश्चित किया जाए, ताकि दुकानदार जनहित से जुड़े कार्यों को बिना आर्थिक दबाव के संचालित कर सकें। उन्होंने कहा कि पीडीएस दुकानदार जनकल्याणकारी योजनाओं की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी हैं, लेकिन भुगतान में हो रही लगातार देरी उनके कार्य संचालन को प्रभावित कर रही है। पूर्णिमा साहू ने यह भी मांग रखी कि दुकानदारों को मानदेय और प्रोत्साहन राशि शीघ्र उपलब्ध कराई जाए, ताकि उनके हितों की समुचित रक्षा हो सके। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि सरकार को इस दिशा में अविलंब कार्रवाई करनी चाहिए।
























