- जमशेदपुर लोकसभा क्षेत्र की सड़क परियोजनाओं पर सौंपे कई प्रस्ताव
- एनएच-33, एनएच-220 के विस्तार सहित कई जर्जर सड़कों व पुल निर्माण की मांग
- बहरागोड़ा–घाटशिला में अंडरपास हेतु सांसद ने जताई गंभीर चिंता
- गडकरी ने दिए DPR तैयार करने के निर्देश, परियोजनाओं में आएगी तेजी
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जमशेदपुर लोकसभा क्षेत्र के सांसद विद्युत वरण महतो ने बुधवार को नई दिल्ली में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात की और क्षेत्र में सड़क निर्माण व विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण ज्ञापन सौंपे। सांसद ने सर्वप्रथम एनएच-33 के समीप पारडीह काली मंदिर से पटमदा, काटिन, बंधवान, झिलमिली होकर बांकुड़ा तक नई सड़क निर्माण का प्रस्ताव रखा। उन्होंने कहा कि यह मार्ग टाटा स्टील (जमशेदपुर) और दुर्गापुर स्टील सिटी के बीच कनेक्टिविटी को मजबूत करेगा, जिससे औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और परिवहन व्यवस्था में बड़े पैमाने पर सुधार होगा।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : पाइपलाइन कार्य 2 दिनों में शुरू नहीं हुआ तो नगर पालिका में धरना देगी भाजपा, जुगसलाई में पेयजल संकट गहराया
एनएच-33 के पास नए मार्ग प्रस्ताव से बढ़ेगी औद्योगिक कनेक्टिविटी
सांसद महतो ने एनएच-220 चाईबासा–हाता मार्ग को ओडिशा के बंबई चौक तक विस्तारित करने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि जादूगोड़ा, मुसाबनी और गुड़ाबांदा जैसे क्षेत्रों में खनन व औद्योगिक गतिविधियाँ बढ़ रही हैं, ऐसे में सड़कों के विस्तार से झारखंड और ओडिशा के बीच परिवहन नेटवर्क और भी मजबूत होगा। उन्होंने बताया कि वर्तमान मार्ग हाता तक विकसित है, लेकिन आवागमन की बढ़ती जरूरतें उसके विस्तार को अनिवार्य बनाती हैं। उन्होंने एनएच-18 से भी इस मार्ग को जोड़ने का प्रस्ताव रखा, जिससे क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों को गति मिलेगी।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : विश्व दिव्यांगता दिवस पर समाहरणालय में विशेष कार्यक्रम आयोजित, मंत्री डॉ. इरफान अंसारी हुए शामिल
एनएच-220 विस्तार से झारखंड-ओडिशा परिवहन को नई दिशा
सांसद ने सेंट्रल रोड इंफ्रास्ट्रक्चर फंड (CRIF) के तहत पूर्वी सिंहभूम जिले की कई जर्जर सड़कों व पुलों के निर्माण का भी प्रस्ताव दिया। इनमें एनएच-6 कालियाडिंगा से चित्रेश्वर, रांगुनिया, कुम्हारडुबी होते हुए जगन्नाथपुर (पश्चिम बंगाल सीमा) तक सड़क निर्माण, महेशपुर–ज्योति पहाड़ी–जामबनी–आंगारपाड़ा होते हुए पहाड़पुर (ओडिशा सीमा) तक मार्ग निर्माण, बेलटांड चौक से लछीपुर–मुकुरुडीह (बंगाल सीमा) तक सड़क निर्माण शामिल है। इसके अलावा बामडोल घाट पर सुवर्णरेखा नदी पर पुल निर्माण और धालभूमगढ़–नरसिंहगढ़ रेलवे फाटक से मुसाबनी–डुमरिया मुख्य मार्ग तक सड़क निर्माण को भी आवश्यक बताया गया।
इसे भी पढ़ें : Seraikela : 500 दिव्यांगों के बीच हरे लाल महतो ने किया कंबल वितरण, कुकडू में दिव्यांग दिवस पर वार्षिक सम्मेलन संपन्न
CRIF फंड से जिले की जर्जर सड़कों के निर्माण का प्रस्ताव सौंपा गया
सांसद महतो ने क्षेत्र में बढ़ते सड़क हादसों का मुद्दा भी गंभीरता से उठाया। उन्होंने घाटशिला के फुलडुंगरी इलाके में अंडरपास निर्माण की आवश्यकता बताते हुए कहा कि अत्यधिक ट्रैफिक और भीड़भाड़ के कारण प्रतिदिन दुर्घटनाएँ हो रही हैं। उन्होंने बताया कि निर्माण कार्य के लिए निविदा होने के बावजूद कार्य प्रारंभ नहीं हो सका, जिससे लोगों में असुरक्षा की भावना बनी हुई है। इसी प्रकार बहरागोड़ा के PWD चौक पर भी ओवरब्रिज/अंडरपास निर्माण की मांग की गई, जहां सड़क पार करते समय कई लोगों की जान जा चुकी है। सांसद ने कहा कि एनएच-6 के खान्दामौदा क्षेत्र में भी स्कूल–कॉलेज होने के कारण छात्र-छात्राओं को सड़क पार करने में भारी कठिनाइयाँ होती हैं, ऐसे में अंडरपास या ओवरब्रिज निर्माण अत्यंत आवश्यक है।
इसे भी पढ़ें : Seraikela : उपायुक्त ने बाल विवाह मुक्त भारत अभियान की शुरुआत, जागरूकता रथ को दिखाई हरी झंडी
बढ़ती दुर्घटनाओं पर चिंता—घाटशिला और बहरागोड़ा में अंडरपास की मांग तेज
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने सांसद महतो के सभी प्रस्तावों पर सहमति जताई और संबंधित अधिकारियों को विस्तृत प्रोजेक्ट रिपोर्ट (DPR) तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से कालियाडिंगा चौक, फुलडुंगरी चौक और खान्दामौदा में निर्माणाधीन कार्यों की गति बढ़ाने का आदेश दिया। मंत्री ने कहा कि बामडोल में सुवर्णरेखा नदी पर CRIF फंड से पुल निर्माण के लिए राज्य सरकार से प्राक्कलन प्राप्त होना आवश्यक है और इस दिशा में शीघ्र पहल की जाएगी। सांसद ने मंत्री के सकारात्मक रुख के लिए आभार व्यक्त किया और आशा जताई कि प्रस्तावित सड़क परियोजनाओं के पूर्ण होने से पूरे लोकसभा क्षेत्र में यातायात सुविधाएँ बेहतर होंगी और क्षेत्र का आर्थिक विकास गति पकड़ेगा।
























