- भाटिया बस्ती निवासी संजय कुमार ने फांसी लगाकर दी जान, पुलिस जांच में जुटी
- पारिवारिक तनाव को माना जा रहा आत्महत्या की वजह
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जमशेदपुर : कदमा थाना क्षेत्र के भाटिया बस्ती में शनिवार देर रात एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां 43 वर्षीय संजय कुमार ने अपने कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। रविवार सुबह जब परिजन उसे जगाने पहुंचे तो देखा कि वह फंदे से लटका हुआ है। यह दृश्य देखते ही घर में कोहराम मच गया। परिजनों ने तत्काल इसकी सूचना कदमा थाना पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को फंदे से उतारकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। रविवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया, जिसके बाद अंतिम संस्कार किया गया। संजय कुमार पेशे से पेंटर थे और मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। घटना के समय उनकी पत्नी मायके गई हुई थी।
इसे भी पढ़ें : Seraikela : सरायकेला में मजदूरों के हक में कांग्रेस का हल्लाबोल, नए कानूनों के खिलाफ धरना
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा
परिजनों के अनुसार, संजय और उनकी पत्नी के बीच अक्सर नोकझोंक होती रहती थी। वर्ष 2011 में दोनों की शादी हुई थी और उनका एक छोटा बच्चा भी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि संजय स्वभाव से शांत थे, लेकिन पारिवारिक तनाव के कारण वह पिछले कुछ समय से परेशान रहने लगे थे। हालांकि आत्महत्या के पीछे का स्पष्ट कारण अब तक सामने नहीं आ सका है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और परिजनों से पूछताछ की जा रही है। इस घटना से पूरे मोहल्ले में शोक का माहौल है। पड़ोसी और रिश्तेदार परिवार को ढांढस बंधाने में जुटे हैं। एक हंसता-खेलता परिवार इस हादसे से टूट गया है और मासूम बच्चे के सिर से पिता का साया उठ गया है।
























