- सीतारामडेरा हत्याकांड में मुख्य आरोपी समेत तीन गिरफ्तार, बिष्टुपुर लूटकांड में दो आरोपी दबोचे गए
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जमशेदपुर के सीतारामडेरा थाना क्षेत्र में बीते दो और तीन दिसंबर की मध्यरात्रि देवनगर आश्रम के पास शेखर सांडील की हुई हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। घटना के बाद पुलिस ने विशेष टीम का गठन कर लगातार छापेमारी शुरू की थी। पुलिस दबिश के चलते इस मामले का मुख्य आरोपी राहुल सिंह ने 9 दिसंबर को न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया। इसके बाद उसके बयान के आधार पर पुलिस ने उसके दो अन्य साथी संजय पाल और संतोष कर्मकार को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार मृतक शेखर सांडील और आरोपी राहुल सिंह आपस में पड़ोसी थे और दोनों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था, जो बाद में गंभीर रूप ले गया।
इसे भी पढ़ें : Seraikela : चांडिल वन क्षेत्र में दलदल में फँसा जंगली हाथी, हालत नाज़ुक
हत्या में प्रयुक्त हथियार और वाहन पुलिस ने किए जब्त

पुलिस जांच में सामने आया कि आपसी विवाद के कारण राहुल सिंह ने अपने दोनों साथियों के साथ मिलकर शेखर सांडील की हत्या की साजिश रची और घटना को अंजाम दिया। गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त एक देसी पिस्टल और एक मोटरसाइकिल भी बरामद की है। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस हत्याकांड के सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : पूर्वी सिंहभूम में ‘अंचल-सह-थाना दिवस’ में भूमि विवादों का त्वरित निपटान
बिष्टुपुर लूटकांड में ऑटो चालक समेत दो आरोपी गिरफ्तार
वहीं दूसरी ओर जमशेदपुर के बिष्टुपुर थाना क्षेत्र में 11 दिसंबर को हुई लूट की घटना का भी पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा कर दिया है। सिटी एसपी कुमार शिवाशिश ने बताया कि मानगो निवासी नंदलाल टाटानगर स्टेशन से ऑटो में सवार होकर अपने घर जा रहे थे। इसी दौरान बिष्टुपुर स्थित मोतीलाल नेहरू स्कूल के पास सुनसान जगह पर ऑटो रोककर चालक और उसके साथी ने चाकू का भय दिखाकर नंदलाल से मोबाइल और 500 रुपये नगद लूट लिए। पीड़ित की लिखित शिकायत पर पुलिस ने छापेमारी कर शेख सुलेमान और सरफराज अंसारी को गिरफ्तार कर लिया। इनके पास से लूटा गया मोबाइल और घटना में प्रयुक्त ऑटो भी बरामद किया गया है। दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
























