- जिला परिवहन विभाग ने 40 से अधिक वाहनों का निरीक्षण कर 83,650 रुपये का जुर्माना लगाया
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम जिले में सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उपायुक्त श्री कर्ण सत्यार्थी के निर्देश पर जिला परिवहन विभाग ने परसुडीह थाना क्षेत्र में विशेष वाहन जांच अभियान चलाया। एमवीआई श्री सूरज हेंब्रम के नेतृत्व में टीम ने मुख्य रूप से पैसेंजर वाहनों में क्षमता से अधिक सवारी बैठाने (ओवरलोडिंग) पर ध्यान केंद्रित किया। अभियान के दौरान 40 से अधिक बस, मैजिक वैन और अन्य व्यावसायिक वाहनों के दस्तावेज और सुरक्षा मानकों की जांच की गई। जांच में ओवरलोडिंग पाए जाने पर पांच वाहनों पर कुल 83,650 रुपये का जुर्माना लगाया गया। अधिकारियों ने वाहन चालकों को सख्त हिदायत दी कि ओवरलोडिंग न केवल नियमों का उल्लंघन है, बल्कि सड़क दुर्घटनाओं का बड़ा कारण भी है।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : कैरव गांधी अपहरण : हाजीपुर गैंग और प्रिंस खान गिरोह के हाथ होने का शक
वाहन चालकों को ट्रैफिक नियम पालन के प्रति जागरूक किया गया
जिला परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया कि इसका उद्देश्य केवल जुर्माना वसूलना नहीं बल्कि जनता को सुरक्षित सफर के प्रति सचेत करना है। अभियान के तहत जिले के विभिन्न क्षेत्रों में प्रतिदिन औचक निरीक्षण जारी रहेगा ताकि जान-माल की हानि को रोका जा सके और सड़क को सुरक्षित बनाया जा सके। विभाग ने चालकों और यातायात से जुड़े लोगों से अपील की कि वे नियमों का पालन करें और ओवरलोडिंग जैसी घटनाओं से बचें। आगामी दिनों में ऐसे अभियान और अधिक तीव्रता से चलाए जाएंगे, जिससे सड़क दुर्घटनाओं को कम करने और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में मदद मिले।
























