- रंगदारी नहीं देने पर फ्लैट का ताला तोड़कर चोरी और तोड़फोड़, सीसीटीवी में कैद हुई वारदात
जेबी लाइव, रिपोर्टर
एमजीएम थाना क्षेत्र के बालीगुमा स्थित साईं कॉम्प्लेक्स में रविवार रात एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। साईं कॉम्प्लेक्स के थर्ड फ्लोर पर रहने वाले नीतीश कुमार के फ्लैट का ताला तोड़कर बदमाशों ने करीब साढ़े तीन लाख रुपये नकद की चोरी कर ली। इसके साथ ही फ्लैट में जमकर तोड़फोड़ की गई, जिससे घर का सामान बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के बाद पूरे कॉम्प्लेक्स में दहशत का माहौल है। पीड़ित नीतीश कुमार ने इस मामले में आदित्यपुर निवासी अशोक कुमार मांझी, मानगो के दीपक गुप्ता समेत 10 से 15 अज्ञात लोगों पर चोरी और तोड़फोड़ का आरोप लगाया है। इस संबंध में उन्होंने एमजीएम थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : मानगो थाना परिसर में दो पक्षों की भिड़ंत, पुलिस के सामने ही मची अफरा-तफरी
रंगदारी की धमकी से परेशान कारोबारी
नीतीश कुमार ने पुलिस को बताया कि वे मूल रूप से लातेहार जिले के रहने वाले हैं और पिछले सात वर्षों से बालीगुमा स्थित साईं कॉम्प्लेक्स में रह रहे हैं। वे अपने फ्लैट से “एनके इंटरप्राइजेज” नामक कंपनी का संचालन करते हैं, जिसके माध्यम से ऑनलाइन हाइवा, पोकलेन समेत अन्य भारी वाहनों की खरीद-बिक्री का कारोबार होता है। पीड़ित का आरोप है कि बीते तीन-चार दिनों से अशोक कुमार मांझी लगातार फोन कर उनसे रंगदारी की मांग कर रहा था। रंगदारी नहीं देने पर उन्हें घर से उठवा लेने की धमकी भी दी गई थी, जिससे वह मानसिक रूप से परेशान थे।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : एमजीएम थाना क्षेत्र में आपत्तिजनक स्थिति में छह गिरफ्तार, एक युवक के पास से अवैध हथियार बरामद
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच तेज
नीतीश कुमार के अनुसार, धमकियों से परेशान होकर उन्होंने रविवार शाम करीब सात बजे साकची में मिलने के लिए अशोक मांझी को बुलाया था, लेकिन किसी जरूरी काम में व्यस्त होने के कारण वे वहां नहीं पहुंच सके। इसके कुछ घंटों बाद सोसायटी में रहने वाले लोगों ने फोन कर सूचना दी कि कुछ बदमाश उनके फ्लैट में घुसकर तोड़फोड़ कर रहे हैं। बताया गया कि सभी आरोपी तीन बिहार नंबर की स्कॉर्पियो और एक झारखंड नंबर की सफारी गाड़ी से आए थे। पीड़ित का कहना है कि सभी बदमाश हथियार से लैस थे और पूरी घटना सोसायटी में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। फिलहाल एमजीएम थाना पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।
























