- लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन और तकनीकी प्लेटफॉर्म के बेहतर उपयोग पर जोर
जेबी लाइव, रिपोर्टर
वरीय पुलिस अधीक्षक पीयूष पांडेय की अध्यक्षता में मंगलवार को ग्रामीण क्षेत्र की मासिक अपराध गोष्ठी का आयोजन किया गया। बैठक में पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण), सभी पुलिस उपाधीक्षक, पु0नि0 और थाना प्रभारी मौजूद रहे। एसएसपी ने बैठक के दौरान लंबित कांडों, वारंट और कुर्की मामलों के शीघ्र निष्पादन पर बल दिया। पासपोर्ट और चरित्र सत्यापन की समीक्षा करते हुए उन्होंने कार्यों में पारदर्शिता और समयबद्धता का पालन करने का निर्देश दिया। साथ ही फरार अभियुक्तों के विरुद्ध सघन कार्रवाई सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : मिर्जाडीह बांध विस्थापित एवं रैयत संघर्ष मोर्चा का डीसी कार्यालय पर धरना, हजारों ग्रामीण पारंपरिक औजारों के साथ हुए शामिल
लंबित वारंट और फरार अभियुक्तों पर होगी कड़ी कार्रवाई
बैठक में एसएसपी ने तकनीकी प्रगति को ध्यान में रखते हुए CCTNS, ITSSO, iRAD, Dial-112, JOFS और eSakshaya जैसे पोर्टलों के प्रभावी उपयोग पर बल दिया। उन्होंने कहा कि समय पर अद्यतन और इनका सक्रिय प्रयोग ही पुलिसिंग को मजबूत बनाएगा। आगामी घाटशिला विधानसभा उपचुनाव और दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण ढंग से संपन्न कराने हेतु उन्होंने आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। एसएसपी ने कहा कि सरकार द्वारा जारी गाइडलाइन का अक्षरशः पालन कराया जाए और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों व पूजा पंडालों में विशेष सतर्कता बरती जाए। सामूहिक समन्वय और सतत निगरानी के जरिए अपराध नियंत्रण और शांति व्यवस्था को मजबूत करने पर भी बल दिया गया।
























