- 58 वर्षीय उद्योगपति ने कई पदों पर दी थी महत्वपूर्ण सेवाएँ, शहर ने खोया एक मृदुभाषी प्रशासक
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जमशेदपुर शहर की नागरिक सुविधाओं का संचालन करने वाली टाटा स्टील की अनुसंगिक इकाई टाटा स्टील यूआईएसएल के मैनेजिंग डायरेक्टर ऋतुराज सिन्हा का रविवार दोपहर आकस्मिक निधन हो गया। 58 वर्षीय ऋतुराज सिन्हा टाटा समूह की कई कंपनियों में अपनी सेवाएँ दे चुके थे और पिछले लगभग तीन वर्षों से टाटा स्टील यूआईएसएल के एमडी के पद पर कार्यरत थे। रविवार दोपहर वे अपने आवास पर ही मौजूद थे, जब अचानक उनकी तबीयत बिगड़ने लगी और नाक से खून बहने लगा। परिजनों ने तुरंत उन्हें टाटा मुख्य अस्पताल पहुँचाया, जहां प्रारंभिक जांच के बाद डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस खबर के बाद पूरे टाटा समूह और शहर में शोक की लहर दौड़ गई।
इसे भी पढ़ें : Rajnagar : किराना दुकान चोरी का राज बेनकाब: राजनगर पुलिस ने तीन आरोपियों को किया गिरफ्तार
वरिष्ठ अधिकारियों और सांसद ने जताया शोक, शहर ने बताया अपूरणीय क्षति
सूचना मिलते ही टाटा समूह के कई वरिष्ठ अधिकारी, जिले के सांसद और विभिन्न प्रबुद्धजन अस्पताल पहुंचे और शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाया। सांसद विद्युत वरण महतो ने कहा कि स्वर्गीय ऋतुराज सिन्हा मृदुभाषी और सेवा-भाव से परिपूर्ण व्यक्तियों में से एक थे। उन्होंने जमशेदपुर को स्वच्छता रैंकिंग में ऊंचाई दिलाने में अहम भूमिका निभाई थी। सांसद ने कहा कि उनका जाना शहर के लिए अत्यंत दुखद है और उनकी कमी हमेशा महसूस की जाएगी। उनके योगदान को शहर लंबे समय तक याद रखेगा।
























