- नशे के कारोबार और आपसी रंजिश में रची गई थी हत्या की साजिश
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जमशेदपुर : टेल्को और गोविंदपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने टेल्को निवासी अजय श्रीवास्तव हत्याकांड का उद्भेदन महज 24 घंटे के भीतर कर लिया है। इस मामले में मुख्य आरोपी समेत दो युवकों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। गिरफ्तार अभियुक्तों में छोटा गोविंदपुर निवासी सिद्धार्थ कुमार (20) और राहुल सिंह उर्फ चीकू (20) शामिल हैं। मामले को लेकर शुक्रवार को पुलिस द्वारा प्रेस कांफ्रेंस कर पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया गया। पुलिस ने बताया कि मृतक अजय श्रीवास्तव और आरोपी सिद्धार्थ कुमार मिलकर ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री के अवैध कारोबार में शामिल थे।
इसे भी पढ़ें : Kharagpur : खड़गपुर मंडल में PNM बैठक संपन्न, रेलवे प्रशासन व SERMU के बीच कर्मचारियों के मुद्दों पर मंथन
पैसा और अपमान का बदला बना हत्या की वजह
पुलिस के अनुसार कुछ दिन पहले अजय और सिद्धार्थ के बीच पैसों को लेकर विवाद हुआ था। दो दिन पूर्व अजय ने सिद्धार्थ की मां से चेन की मांग की थी, जिस कारण सिद्धार्थ को घर में अपमानित होना पड़ा और उसे घर से निकाल दिया गया। आरोप है कि चेन मांगने के दौरान अजय ने न सिर्फ सिद्धार्थ बल्कि राहुल उर्फ चीकू के साथ भी गाली-गलौज की थी। इस बेइज्जती से आहत होकर दोनों ने अजय से बदला लेने की साजिश रची। प्लान के तहत राहुल उर्फ चीकू भी हत्या की योजना में शामिल हुआ और दोनों ने मिलकर वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने साक्ष्यों के आधार पर दोनों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है और आगे की कार्रवाई जारी है।
























