- “स्वतंत्रता दिवस पर वीर शहीदों को नमन, राष्ट्र निर्माण के लिए हर नागरिक को निभानी होगी भूमिका”
जेबी लाइव, रिपोर्टर
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर भाजपा प्रदेश प्रवक्ता एवं नमन संस्था के संस्थापक अमरप्रीत सिंह काले ने जमशेदपुर के दर्जनों स्थलों पर ध्वजारोहण कर वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। साकची, भालूबासा, बारीडीह, बागबेड़ा, बिरसानगर, छोटा गोविंदपुर और बर्मामाइंस सहित कई इलाकों में आयोजित कार्यक्रमों में उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव का दिन नहीं, बल्कि बलिदानियों के सपनों को याद कर उन्हें साकार करने का संकल्प लेने का दिन है। काले ने कहा कि नशा, भ्रष्टाचार, अशिक्षा, बेरोजगारी और स्वास्थ्य सेवाओं की कमी आज भी हमारी स्वतंत्रता की पूर्णता में बाधा बन रही है। उन्होंने इसके समाधान के लिए सामूहिक जागरूकता और प्रयास की आवश्यकता पर बल दिया।
इसे भी पढ़ें : New Delhi : झारखंड के शिक्षामंत्री रामदास सोरेन का निधन, अपोलो अस्पताल में ली अंतिम सांस
“बलिदानियों के सपनों का भारत साकार करने के लिए हर नागरिक को जलाना होगा अपने हिस्से का दीप”
अमरप्रीत सिंह काले ने कहा कि हमारे संतों, गुरुओं, ऋषियों और फकीरों ने जिस भारत को परम वैभव के शिखर पर देखने का सपना देखा था, वह अभी अधूरा है। हमें अपने कर्तव्यों को समझकर सजग प्रहरी की भूमिका निभानी होगी। उन्होंने युवाओं, महिलाओं और समाज के हर वर्ग से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी की अपील की। कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में मातृशक्ति, युवावर्ग, सामाजिक कार्यकर्ता, पूर्व सैनिक और गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति ने देशभक्ति की भावना को और प्रगाढ़ किया।
























