- अभिभावक स्कूल की वेबसाइट से 9 नवंबर तक कर सकेंगे ऑनलाइन आवेदन, ऑफलाइन सुविधा 11 नवंबर को
जेबी लाइव, रिपोर्टर
टेल्को क्षेत्र के प्रतिष्ठित वैली व्यू स्कूल में नर्सरी सत्र 2026-27 के लिए नामांकन प्रक्रिया 10 अक्टूबर से प्रारंभ होगी। विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि एडमिशन फॉर्म 9 नवंबर 2025 तक स्कूल की वेबसाइट valleyviewschooljsr.com से प्राप्त किया जा सकता है। फॉर्म का शुल्क 300 रुपये निर्धारित किया गया है। स्कूल के वाइस प्रिंसिपल डॉ. जे. के. पांडेय ने बताया कि नर्सरी वर्ग में दाखिले के लिए बच्चे की जन्मतिथि 1 अप्रैल 2022 से 31 मार्च 2023 के बीच होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि आवेदन करने से पहले अभिभावक अपने बच्चे की जन्मतिथि और उम्र का सत्यापन अवश्य कर लें, ताकि आगे किसी प्रकार की समस्या न उत्पन्न हो। वैली व्यू स्कूल शांत वातावरण और उच्च गुणवत्ता वाली शिक्षा के लिए अभिभावकों की पहली पसंद बनी हुई है।
इसे भी पढ़ें : Baharagoda : घर के लोहे के दरवाजे में करंट लगने से महिला की मौत, बहरागोड़ा में मचा मातम
डॉ. पांडेय ने बताया कि जिन अभिभावकों को ऑनलाइन आवेदन करने में कठिनाई होती है, उनके लिए ऑफलाइन फॉर्म वितरण की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। यह फॉर्म 11 नवंबर को सुबह 11 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक स्कूल कार्यालय में वितरित किए जाएंगे। इच्छुक अभिभावक निर्धारित समय पर आकर फार्म प्राप्त कर सकते हैं। विद्यालय प्रबंधन ने सभी अभिभावकों से अपील की है कि नामांकन से संबंधित किसी भी जानकारी या सहायता के लिए स्कूल कार्यालय से संपर्क करें। वैली व्यू स्कूल के सैकड़ों विद्यार्थी देश-विदेश में अपना परचम लहरा रहे हैं, जिससे यह स्कूल क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का प्रतीक बन गया है।
























