- तस्वीर बनी सुराग, गेट–ग्रिल समेत चोरी का सामान बरामद
- स्वीकारोक्ति के बाद चारों आरोपी को भेजा गया न्यायिक हिरासत में
जेबी लाइव, रिपोर्टर
गोविंदपुर थाना क्षेत्र के जोजोबेड़ा शिव मंदिर के पास निर्माणाधीन मकान से देर रात गेट और ग्रिल एंगल चोरी की घटना को पुलिस ने महज़ कुछ ही घंटों में सुलझा लिया। गुरुवार सुबह पुलिस ने त्वरित छापेमारी कर चार आरोपियों को चोरी किए गए सामान के साथ गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में परसुडीह थाना क्षेत्र के बारीगोड़ा निवासी संजय गोप, तथा जोजोबेड़ा शिव मंदिर के पास रहने वाले निरज कुमार, अभिषेक कुमार उर्फ बिल्ला और प्रेम कुमार शामिल हैं। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी में प्रयुक्त डाला टेंपो, घर का गेट और ग्रिल एंगल भी बरामद किया है। इस पूरे मामले का खुलासा एक अनोखे तरीके से हुआ—घटना के समय एक स्थानीय व्यक्ति ने टेंपो पर लोड किए जा रहे सामान और आरोपियों की स्पष्ट तस्वीर खींच ली थी। तस्वीर में सभी आरोपी साफ पहचान में आ रहे थे, जो पुलिस के लिए सबसे बड़ा सुराग साबित हुआ।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : बिष्टुपुर में तेज रफ्तार का कहर, एक्सएलआरआई के पास दो बाइक की भिड़ंत
स्थानीय व्यक्ति की तस्वीर बनी केस सॉल्व करने की कुंजी
तस्वीर मिलने के बाद पुलिस ने तत्काल पहचान कर अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी शुरू की और सुबह-सुबह सभी आरोपियों को उनके ठिकानों से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे रात के अंधेरे में निर्माणाधीन मकान में घुसकर कीमती गेट और ग्रिल एंगल चोरी कर ले जा रहे थे। पुलिस अब सभी आवश्यक कागजी औपचारिकताएं पूरी कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजने की तैयारी कर रही है। स्थानीय लोगों ने पुलिस की तत्परता की सराहना करते हुए कहा कि ऐसी तेज कार्रवाई से क्षेत्र में असामाजिक तत्वों में भय का माहौल बनेगा और भविष्य में चोरी की घटनाओं में कमी आएगी। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में गश्त और निगरानी को और मजबूत किया जाएगा ताकि ऐसी घटनाओं पर पूरी तरह रोक लग सके।

























