- विशेष टीम की त्वरित कार्रवाई, चोरी गए आभूषण और सामान बरामद
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जमशेदपुर के एमजीएम थाना क्षेत्र में 29-30 नवंबर की मध्यरात्रि को हुई बड़ी चोरी की घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पोखारी निवासी महेश गौड़ के घर चोरी के दौरान लगभग 15–16 लाख रुपये के कीमती जेवरात पर चोरों ने हाथ साफ किया था। घटना के समय महेश गौड़ अपने परिवार के साथ एक शादी समारोह में शामिल होने गया था और घर पर ताला लगा हुआ था, जिसे तोड़कर अपराधियों ने वारदात को अंजाम दिया। मामले की जानकारी मिलते ही जमशेदपुर ग्रामीण पुलिस अधीक्षक ऋषभ गर्ग ने एक विशेष टीम का गठन किया और जांच शुरू कराई।
इसे भी पढ़ें : Seraikela : जंगल में चल रही अवैध अंग्रेजी शराब फैक्ट्री का भंडाफोड़, सरायकेला पुलिस की बड़ी कार्रवाई
जांच और लगातार छापेमारी के बाद पुलिस ने इस चोरी कांड में शामिल सुंदर कुजूर, रोहित गोप, मनीष राय और विक्की सिंह को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी किए गए अनेक आभूषणों के साथ अन्य कीमती सामान भी बरामद किया है। पुलिस के अनुसार सुंदर कुजूर, मनीष राय और विक्की सिंह का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है और ये कई मामलों में शामिल रह चुके हैं। गिरफ्तारी के बाद चारों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस पूरे मामले की आगे की जांच कर रही है और अन्य संभावित सहयोगियों की पहचान भी कर रही है।
























