- सीसीटीवी में कैद चोर की हरकत, पीड़ित ने बाइक बरामदगी की लगाई गुहार
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जमशेदपुर में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं के बीच बिष्टुपुर थाना क्षेत्र के धतकीडीह ए ब्लॉक से एक और बाइक चोरी होने का मामला सामने आया है। मोहम्मद मेहफूज आलम (33) ने थाने में लिखित शिकायत दर्ज करवाई है कि अज्ञात चोर उनकी बाइक संख्या JH05CU 9239 चोरी कर ले गया। शिकायत के अनुसार उनके मित्र सऊदी अरब की यात्रा पर गए हैं और उन्हीं की दी हुई स्प्लेंडर बाइक वह नियमित रूप से चला रहे थे। 30 नवंबर की शाम करीब 6.30 बजे उन्होंने बाइक घर के नीचे सड़क किनारे पार्क की थी। लेकिन अगली सुबह नमाज के लिए निकलने पर उन्होंने देखा कि बाइक गायब है। आसपास खोजबीन करने पर भी कोई सुराग नहीं मिला।
इसे भी पढ़ें : Potka : पोटका में गिट्टी लदा हाइवा सड़क पर धू-धूकर जला, शॉर्ट सर्किट को माना जा रहा कारण
सीसीटीवी फुटेज में दिखा चोर, लॉक तोड़कर ले गया बाइक
बाद में स्थानीय सीसीटीवी फुटेज की जांच की गई, जिसमें रात करीब 11:41 बजे एक अज्ञात चोर को बाइक का लॉक तोड़कर उसे ले जाते हुए स्पष्ट देखा गया। फुटेज में उसकी गतिविधियां साफ नजर आ रही हैं, जिससे चोरी की पुष्टि हुई है। घटना के बाद मोहम्मद मेहफूज आलम ने थाना प्रभारी से त्वरित कार्रवाई की मांग करते हुए अपने मित्र की बाइक बरामद करने का अनुरोध किया है। क्षेत्र में आए दिन हो रही चोरी की घटनाओं से लोगों में दहशत का माहौल है और स्थानीय निवासियों ने पुलिस से पेट्रोलिंग बढ़ाने की मांग की है।
























